शादी के एक साल बाद उठी ज्योति की अर्थी, पांच लाख दहेज के लिए बेरहमी से ले ली जान

बस्ती में एक नवविवाहिता को कथित तौर पर पांच लाख रुपये दहेज न देने पर बुरी तरह पीटा गया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की बात कही है।

बस्ती जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां सात फेरों के साथ जिस घर में एक बेटी ने नई जिंदगी शुरू की थी, वही आंगन उसकी मौत की वजह बन गया। महज एक साल पहले हुई शादी, चार महीने का मासूम बेटा और अब उसकी अर्थी—इस वारदात ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर नवविवाहिता को निर्ममता से पीटा गया, उसके हाथ-पैर बांधे गए, पेट पर चढ़कर लाठी-डंडों से हमला किया गया और गला दबाकर उसकी जान ले ली गई।

पांच लाख दहेज के लिए लगातार प्रताड़ना का आरोप

घटना नगर थाना क्षेत्र के धोबी टोला की है, जहां एक नवविवाहिता पांच लाख रुपये दहेज की भेंट चढ़ गई। परिजनों का आरोप है कि मृतका ज्योति को पांच लाख रुपये दहेज न मिलने पर आए दिन प्रताड़ित किया जाता था। उनका कहना है कि पति सोनू, सास उर्मिला, भतीजा ऋषि तथा शकुंतला और गुड़िया मिलकर दहेज के लिए ज्योति के साथ जानवरों जैसा बर्ताव करते थे।

13 मई 2025 को हुई थी शादी

मामला कलवारी थाना क्षेत्र के भेंडवा गांव की रहने वाली ज्योति से जुड़ा है। ज्योति की शादी 13 मई 2025 को नगर बाजार के धोबी टोला निवासी सोनू कन्नौजिया से हुई थी। परिजनों के मुताबिक 6 जून की शाम दहेज की मांग को लेकर ससुराल में ज्योति के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि पति सोनू ने उसका गला दबा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।

एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल का सफर

सूचना मिलते ही मायके वाले मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में ज्योति को अस्पताल ले गए। उसे पहले जिला अस्पताल, फिर मेडिकल कॉलेज बस्ती और हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया। कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद गुरुवार दोपहर इलाज के दौरान ज्योति ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

मृतका के पिता रविंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि पति सोनू, सास उर्मिला देवी, भतीजा ऋषि और अन्य परिजनों ने ज्योति के हाथ-पैर बांधकर लाठी-डंडों से पीटा तथा उसके पेट पर चढ़कर हमला किया। परिजनों का कहना है कि ज्योति का चार महीने का मासूम बेटा अब अपनी मां के साये से वंचित हो गया है।

पुलिस ने कहा—जल्द होगी गिरफ्तारी

सीओ प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विवाहिता से मारपीट की शिकायत पर पहले ही मुकदमा दर्ज किया गया था और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में धाराओं की बढ़ोतरी की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/basti-murder-for-dowry-in-basti-newly-wed-woman-killed-for-rs-5-lakh-local18-10562593.html