रांची में बारिश का मौसम शुरू हो चुका है और मानसून आते ही यहां की वादियां और भी निखर उठी हैं। अगर आप इस मौसम में परिवार या दोस्तों के साथ पिकनिक की योजना बना रहे हैं, तो रांची के आसपास कई ऐसे ठिकाने हैं जहां की हरियाली और झरने आपका मन मोह लेंगे। आइए जानते हैं ऐसे ही पांच बेहतरीन पिकनिक स्पॉट के बारे में।
दसम फॉल
बरसात के मौसम में घूमने का मन है तो रांची के दसम फॉल आना न भूलें। इस मौसम में यहां इतना पानी होता है कि नजारा देखकर आपको नाइजीरिया फॉल की याद आ जाएगी। तेज बहाव और चारों ओर बिखरी जलधारा इसे और भी आकर्षक बना देती है।
होरहाप जंगल
दसम फॉल के अलावा आप होरहाप जंगल का रुख कर सकते हैं, जहां रिसोर्ट में ठहरने का भी आनंद लिया जा सकता है। बारिश के मौसम में लोग यहां नदी में नहाते हैं और अपनी पसंदीदा डिश बनाकर खाने का मजा भी उठाते हैं। कई लोग रेनकोट पहनकर इस जंगल को एक्सप्लोर करते हैं। आसपास स्थानीय निवासी भी रहते हैं, इसलिए यहां ज्यादा डरने की जरूरत नहीं है।
अंगढा गांव और हुंडरू फॉल
बारिश में इस जंगल की खूबसूरती और भी बढ़ जाती है। इसके अलावा रांची का अंगढा गांव भी देखने लायक है, जो बरसात के मौसम में स्विट्जरलैंड से कम नहीं लगता। यहां बड़े-बड़े पहाड़ हैं और उनके बीच से एक छोटी सी सड़क निकलती है। चारों तरफ हरियाली, नदी, तालाब और झरने का नजारा देखने को मिलता है। इसी गांव में हुंडरू फॉल भी स्थित है।
इस खूबसूरत गांव में लोग दूर-दूर से पिकनिक मनाने आते हैं। हालांकि बरसात के मौसम में हुंडरू फॉल का रूप इतना विकराल हो जाता है कि लोग पानी में हाथ डालने से भी कतराते हैं। कहा जाता है कि पानी में करंट की धार बहती है, इसीलिए यहां जगह-जगह बड़े-बड़े साइन बोर्ड लगे रहते हैं। बेहतर यही है कि दूर से ही इसकी खूबसूरती निहारें और पास जाने की कोशिश बिल्कुल न करें।
तैमारा घाटी
बारिश के मौसम में तैमारा घाटी भी घूमने के लिए बेहतरीन जगह है। यह इतनी घनी घाटी है कि इसके बीच से गुजरती खूबसूरत सड़क और चारों तरफ फैली हरियाली मन मोह लेती है। यहां डैम से लेकर झरने तक हर चीज देखने को मिलती है। बारिश में जब हर जगह पानी लबालब भर जाता है, तो इसकी सुंदरता और बढ़ जाती है। यह टाटा-रांची रोड पर स्थित है और अगर आप यहां 10 किलोमीटर लंबी ड्राइव कर लें, तो खराब से खराब मूड भी तरोताजा हो जाएगा।
https://hindi.news18.com/photogallery/lifestyle/travel-travel-ranchi-in-monsoon-from-dasam-falls-to-taimara-valley-stunning-views-jharkhand-best-tourist-spot-local18-ws-l-10562510.html