खोड़ा सूर्या हत्याकांड: दो मदरसे सील, सूर्या के घर के बाहर अब भी पुलिस का पहरा, 'ऑपरेशन क्लीन स्वीप' जारी

गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी में सूर्या चौहान की हत्या के बाद इलाके में पुलिस की तैनाती बनी हुई है और प्रशासन की कार्रवाई में दो मदरसों को सील कर दिया गया है। ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तीसरे और अंतिम दिन पुलिस पूरी तरह चौकस है।

दिल्ली से सटे गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी में बकरीद के दिन हुई सूर्या चौहान की हत्या के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। वारदात के बाद से ही क्षेत्र में पुलिस बल लगातार मौजूद है और हालात पर पैनी नजर रखी जा रही है।

सूर्या के घर के बाहर सुरक्षा का घेरा

एहतियात के तौर पर सूर्या चौहान के घर के बाहर भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। उनके घर के आसपास अब भी सुरक्षाकर्मी मौजूद हैं। दूसरी ओर, पीड़ित परिवार से मुलाकात करने और उन्हें ढाढ़स बंधाने के लिए नेताओं के आने-जाने का सिलसिला भी जारी है।

प्रशासन का 'ऑपरेशन क्लीन'

इस हत्याकांड के बाद प्रशासन की ओर से 'ऑपरेशन क्लीन' चलाया जा रहा है, जिसके तहत अपराधियों के साथ-साथ अवैध अतिक्रमणों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी सिलसिले में खोड़ा में प्रशासन ने दो मदरसों को सील कर दिया है।

दो मदरसे सील

सील किए गए मदरसों में मदरसा सुल्तान अलारफीन और मदरसा रहमानिया शामिल हैं। ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तीसरे और अंतिम दिन पुलिस पूरी तरह सतर्क बनी हुई है और खोड़ा में अब भी सुरक्षाबलों की मौजूदगी बरकरार है।

संदिग्धों से पूछताछ जारी

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने अब तक कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद कुछ लोगों को छोड़ भी दिया गया है, जबकि जांच का सिलसिला अभी जारी है।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/ghaziabad-khoda-surya-murder-case-asad-encounter-news-operation-clean-sweep-madarsa-seal-police-deployed-10535063.html