मऊ में गैंगस्टर नवीन सिंह पर शिकंजा, ढोल-नगाड़ों के बीच प्रशासन ने जब्त की करोड़ों की जमीन

मऊ जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने गैंगस्टर नवीन सिंह उर्फ रिंकू सिंह की अपराध से अर्जित 6 करोड़ 80 लाख 32 हजार रुपये की संपत्ति कुर्क कर ली। यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत की गई।

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में अपराध और अपराधियों पर प्रशासन का सख्त रुख लगातार जारी है। गुरुवार को जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने गैंगस्टर नवीन सिंह उर्फ रिंकू सिंह गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराध से कमाई गई करोड़ों रुपये की संपत्ति को कुर्क कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

जिलाधिकारी के आदेश पर हुई कुर्की

मऊ के जिलाधिकारी आनंद वर्धन के आदेश पर प्रशासन ने यह बड़ा कदम उठाते हुए 6 करोड़ 80 लाख 32 हजार रुपये की संपत्ति कुर्क की। पूरा मामला जमीन से जुड़ा हुआ है। कुर्की के दौरान टीम ढोल-नगाड़ों के साथ मौके पर पहुंची और संपत्तियों को अपने कब्जे में लिया।

पत्नी और रिश्तेदार के नाम खरीदी थी जमीन

जानकारी के अनुसार, गैंगस्टर नवीन सिंह ने अपने गिरोह के बल पर अपनी पत्नी प्रियंका सिंह के नाम पर करोड़ों की संपत्ति खरीदी थी। जिले के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के भदेसरा गांव में गाटा संख्या 43 रकबा 0.13220 तथा माया सिंह पत्नी हरिश्चंद्र सिंह के नाम पर गाटा संख्या 46 रकबा 0.13297 हेक्टेयर जमीन अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई थी। इस संबंध में दर्ज मुकदमा संख्या 30/2026 की जांच में यह तथ्य सामने आया, जिसके आधार पर कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई गई।

गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई

मीडिया को जानकारी देते हुए सदर तहसीलदार ने बताया कि डीएम के 8 जून 2026 के आदेश के अनुपालन में 11 जून को यह कुर्की की गई। अधिकारी के अनुसार, यह कार्रवाई धारा 14(1) के तहत की गई है और जब्त की गई जमीन का बाजार मूल्य लगभग 6 करोड़ 80 लाख 32 हजार रुपये आंका गया है।

भारी पुलिस बल रहा तैनात

कुर्की की कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्ति के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/mau-gangster-naveen-singh-property-worth-in-crores-confiscated-by-mau-district-administration-local18-10562310.html