दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क का हर कदम चर्चा में रहता है और इस बार वजह है उनकी कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX)। यह कंपनी इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ लाने की तैयारी पूरी कर चुकी है और इसी सप्ताह शेयर बाजार में लिस्ट होने वाली है। खास बात यह है कि आईपीओ आने से पहले ही कंपनी अपने निवेशकों से करीब 75 अरब डॉलर जुटा चुकी है, जो भारतीय करेंसी में लगभग 7.20 लाख करोड़ रुपये बैठता है।
इतने बड़े निवेश के साथ ही कंपनी की वैल्यूएशन में जबरदस्त उछाल आया है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इस आईपीओ के बाद स्पेसएक्स दुनिया की सबसे वैल्यूएबल कंपनी बन जाएगी। कंपनी से जुड़े सूत्रों की मानें तो इसकी वैल्यूएशन दुनिया के इतिहास में अब तक की सबसे ज्यादा होगी।
13 हजार रुपये में मिलेगा एक शेयर
स्पेस और एआई सेक्टर में काम करने वाली इस कंपनी ने अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन के पास जमा दस्तावेजों में बताया है कि उसने आईपीओ से पहले ही निवेशकों से 75 अरब डॉलर का फंड जुटा लिया है, जिससे उसकी वैल्यूएशन और बढ़ गई है। कंपनी अपने निवेशकों को 135 डॉलर (करीब 13 हजार रुपये) प्रति शेयर के भाव पर स्टॉक बेचेगी।
जिस भाव पर शेयर जारी करने का ऐलान हुआ है, उसके हिसाब से स्पेसएक्स अब तक के इतिहास की सबसे वैल्यूएबल कंपनी बनने जा रही है। आईपीओ से पहले 135 डॉलर के भाव पर जुटाई गई 75 अरब डॉलर की यह रकम भी दुनिया में किसी कंपनी की ओर से लिस्टिंग से पहले जुटाई गई सबसे बड़ी राशि है।
कितनी होगी कंपनी की वैल्यूएशन
इस आईपीओ के बाद स्पेसएक्स की वैल्यूएशन करीब 1.80 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंच जाएगी, जो भारतीय रुपये में 172 लाख करोड़ रुपये से भी ज्यादा होगी। 1.80 ट्रिलियन डॉलर की इस वैल्यूएशन के साथ कंपनी दुनिया की सबसे कीमती कंपनी बन जाएगी और शेयर बाजार में कदम रखने वाली अब तक की सबसे बड़ी कंपनी भी कहलाएगी। कंपनी इसी सप्ताह से अमेरिकी एक्सचेंज नैस्डैक पर ट्रेडिंग शुरू कर देगी, जिसके बाद ही साफ होगा कि निवेशकों को इसमें पैसा लगाना फायदे का सौदा रहेगा या नहीं।
एलन मस्क की संपत्ति में भी इजाफा
यह आईपीओ कंपनी के सीईओ एलन मस्क के लिए भी बड़ा फायदा लेकर आने वाला है। वैल्यूएशन बढ़ने के बाद मस्क धरती के पहले ऐसे इंसान बन जाएंगे जिनकी नेट वर्थ 1 ट्रिलियन डॉलर, यानी करीब 96 लाख करोड़ रुपये के आसपास पहुंच जाएगी। यह उनके लिए एक और बड़ा मील का पत्थर साबित होगा।
कंपनी पर मस्क का कितना नियंत्रण
शेयर बाजार में लिस्ट होने के बावजूद स्पेसएक्स पर एलन मस्क का पूरा नियंत्रण बना रहेगा। क्लास ए और क्लास बी शेयरों के जरिये मस्क के पास कंपनी की 40 फीसदी इक्विटी हिस्सेदारी रहेगी, जबकि उनके पास 84 फीसदी वोटिंग पावर भी होगी।
यह ढांचा साफ दर्शाता है कि लिस्टिंग के बाद भी कंपनी पर मस्क की पकड़ मजबूत बनी रहेगी। दूसरी तकनीकी कंपनियों के फाउंडर्स के मुकाबले स्पेसएक्स पर मस्क का नियंत्रण कहीं बेहतर नजर आता है।
https://hindi.news18.com/news/business/latest-elon-musk-spacex-will-launch-world-biggest-ipo-with-highest-valuation-of-1-lakh-80000-trillion-dollar-10562197.html