बेगूसराय में दर्दनाक सड़क हादसा, मधेपुरा के तीन थानाध्यक्ष समेत चार की मौत

बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में एनएच-31 पर तेज रफ्तार कार और ट्रक की भिड़ंत में मधेपुरा के तीन थानाध्यक्ष और उनके चालक की जान चली गई। सभी अधिकारी पटना से प्रशिक्षण पूरा कर लौट रहे थे।

बिहार के बेगूसराय जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर बीती रात एक तेज रफ्तार कार और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में कार में सवार तीन थाना प्रभारियों और उनके चालक समेत कुल चार लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पटना में प्रशिक्षण के बाद लौट रहे थे अधिकारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिले के तीन अलग-अलग थानों के प्रभारी पटना में आयोजित एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण में हिस्सा लेने गए थे। प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद सभी अधिकारी एक ही कार में सवार होकर वापस मधेपुरा की ओर रवाना हुए थे। इसी दौरान एनएच-31 पर उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रक से पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले पुलिस अधिकारियों और चालक की पहचान कर ली गई है। सभी मधेपुरा जिले में तैनात थे।

  • साजन पासवान (थानाध्यक्ष, रतवारा थाना, मधेपुरा)
  • नीरज कुमार (थानाध्यक्ष, बेलारी थाना, मधेपुरा)
  • ज्ञानेंद्र अमर (थानाध्यक्ष, अरार थाना, मधेपुरा)
  • नीरज कुमार (कार चालक)

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि दो थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमर और नीरज कुमार तथा चालक नीरज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से गंभीर हालत में बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

आला अधिकारी पहुंचे मौके पर

एक साथ तीन पुलिस अधिकारियों समेत चार लोगों की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। खबर मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार, सदर डीएसपी आनंद पांडे, ट्रैफिक डीएसपी रंजीत कुमार और बलिया डीएसपी सुबोध कुमार भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय प्रशासन ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसपी मनीष कुमार ने घटनास्थल का मुआयना कर पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस विभाग और मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।

https://hindi.news18.com/news/bihar/begusarai-road-accident-three-daroga-and-driver-killed-bihar-police-local18-ws-l-10562224.html