गर्मियों में जल्दी खराब हो रहे फल-सब्जियां? आजमाएं दादी-नानी के ये असरदार देसी नुस्खे

गर्मी के तेज तापमान में फल और सब्जियां जल्दी सड़ने लगती हैं। आलू-प्याज अलग रखने से लेकर मिट्टी के बर्तनों के इस्तेमाल तक, ये पारंपरिक घरेलू उपाय इन्हें लंबे समय तक ताजा रखने में मदद करते हैं।

गर्मी का मौसम आते ही रसोई में रखे फल और सब्जियां तेजी से खराब होने लगती हैं। बढ़े हुए तापमान की वजह से ये जल्दी मुरझा जाती हैं और सड़ने लगती हैं। ऐसे में हमारे घर की दादी-नानी के आजमाए हुए पुराने तरीके आज भी बेहद काम आते हैं। इन आसान घरेलू नुस्खों को अपनाकर आप अपने फलों और सब्जियों को कई दिनों तक ताजा बनाए रख सकते हैं।

आलू और प्याज को रखें अलग-अलग

एक आम गलती जो अक्सर हर घर में होती है, वह है आलू और प्याज को एक साथ रख देना। इन दोनों को कभी भी एक जगह नहीं रखना चाहिए, क्योंकि साथ रखने पर ये जल्दी खराब होने लगते हैं। इन्हें हमेशा अलग-अलग और हवादार जगह पर रखें।

प्लास्टिक की जगह चुनें जूट या सूती बैग

सब्जियों को स्टोर करने के लिए प्लास्टिक की थैलियों का इस्तेमाल करने से बचें। इसके बजाय जूट या सूती कपड़े से बने बैग का प्रयोग करें। ये हवा को आर-पार जाने देते हैं, जिससे सब्जियां ज्यादा समय तक ताजा बनी रहती हैं।

हरी पत्तेदार सब्जियों का रखें खास ध्यान

हरी पत्तेदार सब्जियां जल्दी मुरझा जाती हैं। इन्हें फ्रिज में रखने से पहले अच्छी तरह सुखा लें और फिर सूती कपड़े या पेपर टॉवल में लपेटकर रखें। ऐसा करने से इनकी ताजगी लंबे समय तक बनी रहती है।

केले को रखें दूसरे फलों से दूर

केले को हमेशा बाकी फलों से अलग रखना चाहिए। दरअसल, केले से एथिलीन गैस निकलती है, जो आसपास रखे दूसरे फलों को जल्दी पकाकर सड़ा देती है। इसलिए इसे अलग जगह पर रखना ही बेहतर है।

मिट्टी के बर्तनों का करें इस्तेमाल

टमाटर और खीरे जैसी सब्जियों को ठंडा और ताजा बनाए रखने के लिए मिट्टी के बर्तनों का सहारा लिया जा सकता है। ग्रामीण इलाकों में आज भी इसी पारंपरिक तरीके से सब्जियों को ठंडक में रखा जाता है, जिससे वे जल्दी खराब नहीं होतीं।

https://hindi.news18.com/photogallery/lifestyle/tips-and-tricks-how-to-keep-food-fresh-in-summer-vegetables-fruits-storage-tips-traditional-kitchen-hacks-freshness-local18-10561137.html