दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर और नीतू कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी ने भी अभिनय की दुनिया में कदम रख लिया है। लंबे समय से यह चर्चा रही कि ऋषि कपूर अपनी बेटी को एक्टिंग करते नहीं देखना चाहते थे, लेकिन अब रिद्धिमा ने खुद सामने आकर इस धारणा को सिरे से खारिज कर दिया है। अपने एक्टिंग डेब्यू के बाद दिए बयान में उन्होंने साफ किया कि उनके पिता उन्हें लेकर भले ही बेहद प्रोटेक्टिव रहे हों, मगर अभिनय करने से उन्होंने कभी नहीं रोका।
'दादी की शादी' से शुरू हुआ सफर
रणबीर कपूर की बहन रिद्धिमा कपूर साहनी ने हाल ही में सिनेमाघरों में पहुंची फिल्म 'दादी की शादी' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की और इस तरह कपूर परिवार की परंपरा को आगे बढ़ाया। इस पारिवारिक कॉमेडी ड्रामा का निर्देशन आशीष आर. मोहन ने किया है। फिल्म में रिद्धिमा के साथ नीतू कपूर और कपिल शर्मा भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।
'हर फैसले में पापा साथ देते थे'
फिल्म रिलीज होने के बाद रिद्धिमा कपूर साहनी ने एएनआई को दिए इंटरव्यू में बताया कि उनके पिता बेशक काफी प्रोटेक्टिव थे, लेकिन उन्होंने कभी रिद्धिमा को आगे बढ़ने से नहीं रोका और न ही उन पर किसी तरह का दबाव डाला।
उन्होंने कहा कि लोग अक्सर यह कहते हैं कि पापा ने मुझे फिल्मों में नहीं आने दिया और उन्हें मेरा एक्टिंग करना पसंद नहीं था, जबकि ऐसा कुछ भी नहीं है। उन्होंने कभी ऐसा नहीं चाहा और हमारे हर फैसले में हमारे साथ खड़े रहे।
16-17 की उम्र में भेजा विदेश पढ़ने
रिद्धिमा ने आगे बताया कि जब वह पढ़ाई के लिए ब्रिटेन जाना चाहती थीं, तब भी ऋषि कपूर काफी परेशान हो गए थे कि वह अपनी बेटी को इतनी दूर कैसे भेजें। उनकी चिंता बस इस बात की थी कि बेटी अकेले विदेश कैसे जाएगी। उस समय रिद्धिमा महज 16-17 साल की थीं, फिर भी तमाम फिक्र के बावजूद उन्होंने उन्हें बाहर पढ़ने के लिए भेजा।
'तुम्हारा मन जो कहे, वही करो'
रिद्धिमा के मुताबिक उनके पिता हमेशा कहा करते थे कि जो तुम्हारा मन करे, वही काम करो, क्योंकि मुझे भरोसा है कि तुम जो भी करोगी अच्छा ही करोगी। ऋषि कपूर अक्सर यह भी कहते थे कि उनकी बेटी जरूर उनका नाम रोशन करेगी। उन्होंने रिद्धिमा को कभी किसी काम से नहीं रोका।
गौरतलब है कि 8 मई 2026 को रिलीज हुई रिद्धिमा की इस फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों, दोनों की ओर से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला।
https://hindi.news18.com/news/entertainment/bollywood-did-rishi-kapoor-not-allow-riddhima-to-work-in-bollywood-ranbir-kapoor-sister-makes-a-big-revelation-ws-l-10561865.html