क्रिकेट के सबसे छोटे और सबसे रोमांचक फॉर्मेट का सबसे बड़ा महाकुंभ अब दस्तक देने को तैयार है। 12 जून से इंग्लैंड की धरती पर आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप 2026 का आगाज होने जा रहा है। खास बात यह है कि यह संस्करण अब तक का सबसे बड़ा महिला टी-20 विश्व कप साबित होने वाला है, क्योंकि इस बार कई अहम बदलाव देखने को मिलेंगे। अब तक इस प्रतियोगिता में 10 टीमें हिस्सा लेती थीं, लेकिन इस साल से इसका दायरा बढ़ाकर कुल 12 टीमें कर दिया गया है। इस बार नीदरलैंड की टीम पहली बार इस मंच पर डेब्यू कर रही है, जिससे मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।
इस बार किसी एक टीम को एकतरफा दावेदार नहीं माना जा रहा, इसलिए टूर्नामेंट बेहद कांटे का रहने की उम्मीद है। मेजबान इंग्लैंड अपनी घरेलू परिस्थितियों का लाभ उठाकर एक बार फिर खिताब जीतने का सपना देख रहा है, जबकि मौजूदा चैंपियन न्यूजीलैंड अपना ताज बचाने के लिए पूरा दमखम लगाएगा। आईसीसी टूर्नामेंट्स में ऑस्ट्रेलिया को कभी कमतर नहीं आंका जा सकता और इतिहास की सबसे सफल टीम अपने सातवें खिताब के इरादे से उतरेगी। वहीं हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम भी ट्रॉफी की सबसे मजबूत दावेदारों में शामिल है। पिछले साल अपनी सरजमीं पर महिला वनडे विश्व कप जीतकर भारत ने आईसीसी खिताब का सूखा खत्म किया था और अब टीम इंडिया इसी विजयी लय को टी-20 में भी आगे बढ़ाना चाहेगी।
विश्व कप का इतिहास और सफर
महिला टी-20 विश्व कप की शुरुआत साल 2009 में हुई थी, जब इंग्लैंड ने अपने घर में हुए पहले सीजन का खिताब अपने नाम कर इतिहास रचा था। तब से अब तक इस टूर्नामेंट के कुल 10 संस्करण खेले जा चुके हैं। साल 2024 में हुआ पिछला टूर्नामेंट न्यूजीलैंड ने जीता था, जो उसका पहला खिताब था। आंकड़ों की बात करें तो इस प्रतियोगिता पर ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम का पूरी तरह दबदबा रहा है। उसने साल 2010, 2012, 2014, 2018, 2020 और 2023 में कुल छह बार यह ट्रॉफी जीती है। इस साल 11वें संस्करण में सभी 12 टीमें नया इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।
टूर्नामेंट का फॉर्मेट और ग्रुप
इस द्विवार्षिक टूर्नामेंट का सफर 12 जून से शुरू होकर 5 जुलाई तक चलेगा और इस दौरान कुल 33 मुकाबले खेले जाएंगे। सभी 12 टीमों को छह-छह के दो ग्रुपों — ग्रुप ए और ग्रुप बी — में बांटा गया है। ग्रुप चरण में हर टीम अपने ग्रुप की बाकी पांच टीमों से एक-एक मैच खेलेगी। जीतने वाली टीम को दो अंक मिलेंगे, जबकि मैच टाई या बेनतीजा रहने पर दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना होगा।
ग्रुप चरण खत्म होने के बाद दोनों ग्रुपों की शीर्ष दो-दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। समीकरण के मुताबिक ग्रुप ए की टॉप टीम का सामना ग्रुप बी की दूसरे स्थान की टीम से होगा, जबकि ग्रुप बी की विजेता का मुकाबला ग्रुप ए की उपविजेता टीम से होगा।
ग्रुप ए में मेजबान इंग्लैंड के साथ आयरलैंड, न्यूजीलैंड, स्कॉटलैंड, श्रीलंका और वेस्टइंडीज को रखा गया है। वहीं ग्रुप बी में डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के साथ एशियाई प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान शामिल हैं, जिससे इस ग्रुप के मुकाबले बेहद रोमांचक रहने वाले हैं। इनके अलावा इसी ग्रुप में बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका और नवोदित टीम नीदरलैंड को भी जगह मिली है।
वेन्यू और मेजबान शहर
इस बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए इंग्लैंड पूरी तरह तैयार है। सभी मैच इंग्लैंड के सात ऐतिहासिक मैदानों पर खेले जाएंगे। इनमें बर्मिंघम का एजबेस्टन, ब्रिस्टल का काउंटी ग्राउंड और लंदन के दो मशहूर मैदान लॉर्ड्स तथा द ओवल शामिल हैं। इसके अलावा लीड्स का हेडिंग्ले स्टेडियम, मैनचेस्टर का ओल्ड ट्रैफर्ड और साउथेम्पटन का द रोज बाउल (हम्पशायर बाउल) भी इन मुकाबलों के गवाह बनेंगे।
सभी 12 टीमों की पूरी स्क्वॉड
इस टूर्नामेंट के लिए सभी देशों ने अपनी 15-सदस्यीय टीमों का एलान कर दिया है, जो इस प्रकार हैं:
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल और राधा यादव।
ऑस्ट्रेलिया: सोफी मोलिनक्स (कप्तान), निकोला केरी, एशले गार्डनर, किम गार्थ, लुसी हैमिल्टन, ग्रेस हैरिस, अलाना किंग, फोबे लिचफील्ड, ताहलिया मैकग्राथ, बेथ मूनी, एलिसे पेरी, मेगन शुट्ट, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वॉल और जॉर्जिया वेयरहैम।
इंग्लैंड: नेट साइवर-ब्रंट (कप्तान), लॉरेन बेल, ऐलिस कैप्स, टिली कोर्टिन-कोलमैन, चार्ली डीन, सोफिया डंकली, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन जाइलर, दानी गिब्सन, एमी जोन्स, फ्रेया केम्प, हीथर नाइट, लिन्से स्मिथ, इसी वोंग और डैनी व्याट-हॉज।
न्यूजीलैंड: मेलिए केर (कप्तान), सूजी बेट्स, सोफी डिवाइन, फ्लोरा डेवोनशायर, इजी गजे, मैडी ग्रीन, ब्रुक हैलिडे, ब्री इलिंग, पॉली इंग्लिस, जेस केर, रोजमेरी मैयर, नेन्सी पटेल, जॉर्जिया प्लिमर, इजी शार्प और लिया ताहुहू।
पाकिस्तान: फातिमा सना (कप्तान), गुल फिरोजा, आयशा जफर, इरम जावेद, ऐमन फातिमा, आलिया रियाज, नतालिया परवेज, सायरा जबीन, मुनीबा अली, तुबा हसन, रमीन शमीम, सादिया इकबाल, नशरा संधू, डायना बेग और तस्मिया रुबाब।
दक्षिण अफ्रीका: लॉरा वोल्वार्ड्ट (कप्तान), ताज़मिन ब्रिट्स, नादिन डी क्लर्क, एनरी डर्कसन, शबनीम इस्माइल, सिनालो जाफ्ता, मारिजान कप्प, अयाबोंगा खाका, सुने लूस, कराबो मेसो, नॉनकुलुलेको म्लाबा, कायला रेनेके, तुमी सेखुखुने, क्लो ट्रायोन और डेन वैन नीकरके।
वेस्टइंडीज: हेली मैथ्यूज (कप्तान), चिनेल हेनरी, डिएंड्रा डॉटिन, स्टेफनी टेलर, एफी फ्लेचर, आलिया अलीन, शेमेन कैंपबेल, अश्मिनी मुनिसर, करिश्मा रामहरैक, जेनिलिया ग्लासगो, जहजारा क्लैक्सटन, कियाना जोसेफ, जैदा जेम्स, मैंडी मंगरू और शॉनिशा हेक्टर।
बांग्लादेश: निगार सुल्ताना जोटी (कप्तान), नाहिदा अख्तर, शर्मीन अख्तर सुप्ता, शोभना मोस्तरी, शोर्ना अख्तर, रितु मोनी, राबेया खान, फहीमा खातून, फरिहा इस्लाम त्रिस्ना, मारुफा अख्तर, संजीदा अख्तर मघला, सुल्ताना खातून, दिलारा अख्तर, जुएरिया फिरदौस और ताज नेहर।
श्रीलंका: चमारी अथापथु (कप्तान), हासिनी परेरा, विषमी गुणरत्ने, हर्षिता समरविक्रमा, इमेशा दुलानी, नीलाक्षिका डी सिल्वा, कविशा दिलहारी, हांसिमा करुणारत्ने, कौशिनी नुथ्यंगना, सुगंदिका दासनायके, निमाशा मदुशानी, काव्या कविंदी, मल्की मदारा, मिताली अयोध्या और चेतना विमुक्ति।
आयरलैंड: गैबी लुईस (कप्तान), एवा कैनिंग, क्रिस्टीना कूल्टर रेली, अलाना डलजेल, जॉर्जीना डेम्पसी, एमी हंटर, अर्लीन केली, लुईस लिटिल, एमी मैगुइरे, लारा मैक्ब्राइड, कारा मरे, लिआ पॉल, ओरला प्रेंडरगास्ट, रेबेका स्टोकेल और ऐलिस टेक्टर।
स्कॉटलैंड: कैथरीन ब्राइस (कप्तान), क्लो एबेल, ओलिविया बेल, सारा ब्राइस, डार्सी कार्टर, प्रियानाज चटर्जी, गैब्रिएला फोंटेनला, कैथरीन फ्रेजर, कर्स्टी गॉर्डन, आइल्सा लिस्टर, मैसी मैसेरा, अबताहा मकसूद, मेगन मैकोल, राहेल स्लेटर और पिप्पा स्प्राउल।
नीदरलैंड: बेबेट डी लीडे (कप्तान), कैरोलीन डी लांगे, फ्रेडरिक ओवरडिज्क, हन्ना लैंडहीर, हीथर सीजर्स, आइरिस ज्विलिंग, इसाबेल वैन डेर वोनिंग, लारा लीमहुइस, मिर्थे वैन डेन राड, फेबे मोल्केनबोएर, रॉबिन रेंटके, रोसली लॉरेंस, सान्या खुराना, सिल्वर सीजर्स और स्टेरे कालिस।
पूरा शेड्यूल और मैचों का समय (भारतीय समयानुसार)
टूर्नामेंट का रोमांच 12 जून से शुरू होकर 5 जुलाई को फाइनल तक चलेगा। भारतीय प्रशंसकों के लिए सभी मैचों का समय भारतीय समयानुसार (IST) नीचे दिया गया है।
आगाज 12 जून को बर्मिंघम के एजबेस्टन में रात 11:00 बजे इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच पहले मुकाबले से होगा। इसके बाद 13 जून को तीन मैच खेले जाएंगे — दोपहर 3:00 बजे ओल्ड ट्रैफर्ड में बांग्लादेश बनाम नीदरलैंड, इसी मैदान पर शाम 7:00 बजे ऑस्ट्रेलिया बनाम दक्षिण अफ्रीका और रात 11:00 बजे साउथेम्पटन में वेस्टइंडीज बनाम न्यूजीलैंड का मुकाबला होगा।
14 जून को बर्मिंघम में दोपहर 3:00 बजे बांग्लादेश और नीदरलैंड का दूसरा मैच होगा, जबकि इसी दिन शाम 7:00 बजे एजबेस्टन में भारत और पाकिस्तान का बहुप्रतीक्षित महामुकाबला खेला जाएगा। 16 जून को साउथेम्पटन में शाम 7:00 बजे न्यूजीलैंड बनाम श्रीलंका और रात 11:00 बजे इंग्लैंड बनाम आयरलैंड का मैच होगा।
17 जून को लीड्स में दोपहर 3:00 बजे ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश भिड़ेंगे, जबकि शाम 7:00 बजे भारतीय टीम अपना दूसरा मैच नीदरलैंड के खिलाफ खेलेगी। इसी रात 11:00 बजे बर्मिंघम में दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान का मुकाबला होगा। 18 जून को लीड्स में रात 11:00 बजे वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड आमने-सामने होंगे, जबकि 19 जून को साउथेम्पटन में इसी समय न्यूजीलैंड का सामना आयरलैंड से होगा।
20 जून को साउथेम्पटन में दोपहर 3:00 बजे ऑस्ट्रेलिया बनाम नीदरलैंड और शाम 7:00 बजे पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश का मैच होगा, जबकि रात 11:00 बजे लीड्स में इंग्लैंड का सामना स्कॉटलैंड से होगा। 21 जून को ब्रिस्टल में दोपहर 3:00 बजे वेस्टइंडीज और श्रीलंका भिड़ेंगे, जबकि शाम 7:00 बजे मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच बड़ा मुकाबला होगा।
23 जून को ब्रिस्टल में दोपहर 3:00 बजे न्यूजीलैंड बनाम स्कॉटलैंड और शाम 7:00 बजे श्रीलंका बनाम आयरलैंड का मैच होगा, जबकि इसी रात 11:00 बजे लीड्स में ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान की भिड़ंत होगी। 24 जून को लंदन के लॉर्ड्स में रात 11:00 बजे इंग्लैंड और वेस्टइंडीज आमने-सामने होंगे।
25 जून को ओल्ड ट्रैफर्ड में शाम 7:00 बजे भारत का सामना बांग्लादेश से होगा, जबकि रात 11:00 बजे ब्रिस्टल में दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड भिड़ेंगे। 26 जून को ओल्ड ट्रैफर्ड में रात 11:00 बजे श्रीलंका और स्कॉटलैंड का मैच होगा। 27 जून को ब्रिस्टल में दोपहर 3:00 बजे पाकिस्तान बनाम नीदरलैंड और शाम 7:00 बजे वेस्टइंडीज बनाम आयरलैंड का मुकाबला होगा, जबकि इसी रात 11:00 बजे लंदन के द ओवल में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच कांटे की टक्कर होगी।
ग्रुप स्टेज के आखिरी दिन 28 जून को लॉर्ड्स में दोपहर 3:00 बजे दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश का मैच होगा, जबकि शाम 7:00 बजे इसी ऐतिहासिक मैदान पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच महामुकाबला खेला जाएगा।
नॉकआउट चरण की जंग
सभी ग्रुप मैचों के बाद नॉकआउट दौर शुरू होगा। पहला सेमीफाइनल 30 जून को लंदन के द ओवल में शाम 7:00 बजे खेला जाएगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल 2 जुलाई को इसी मैदान पर रात 11:00 बजे होगा। टूर्नामेंट का फाइनल 5 जुलाई को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा, जहां इस साल की नई विश्व विजेता का फैसला होगा।
रिकॉर्ड तोड़ इनामी राशि
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने इस बार महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए इनामी राशि में बड़ा इजाफा किया है। साल 2026 के महिला टी-20 विश्व कप के लिए कुल प्राइज पूल बढ़ाकर 8,764,615 अमेरिकी डॉलर (लगभग 8.76 मिलियन डॉलर) कर दिया गया है, जो साल 2024 के संस्करण से पूरे 10 प्रतिशत ज्यादा है।
इस प्राइज पूल के तहत हिस्सा लेने वाली हर टीम के लिए न्यूनतम राशि तय की गई है और प्रत्येक टीम को कम से कम 247,500 डॉलर मिलना तय है। ग्रुप स्टेज में हर मैच जीतने पर टीमों को 31,154 डॉलर की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि मिलेगी। हालांकि नौवें से दसवें और पांचवें से आठवें स्थान पर रहने वाली टीमों के लिए अलग से कोई अतिरिक्त राशि घोषित नहीं की गई है। सेमीफाइनल में हारकर बाहर होने वाली दोनों टीमों को 6,75,000 डॉलर मिलेंगे। फाइनल में पहुंचने वाली उपविजेता टीम को 1.17 मिलियन डॉलर और चैंपियन बनने वाली टीम को 2.34 मिलियन अमेरिकी डॉलर का बंपर नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
भारत में कब, कहां और कैसे देखें लाइव?
भारत में महिला क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए प्रसारण के बेहतरीन इंतजाम किए गए हैं। टीवी पर मैचों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा। वहीं स्मार्टफोन, लैपटॉप या स्मार्ट टीवी पर डिजिटल माध्यम से मैच देखने के लिए लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी, जहां प्रशंसक कहीं भी बैठकर इस रोमांचक विश्व कप का आनंद उठा सकते हैं।
https://hindi.news18.com/cricket/icc-womens-t20-world-cup-2026-schedule-teams-squads-live-streaming-india-vs-pakistan-match-time-prize-money-all-you-need-to-know-ws-n-10561916.html