उत्तर प्रदेश में गुरुवार की देर शाम मौसम ने अचानक करवट ली। पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल तक के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ अच्छी-खासी बारिश हुई, जिससे चिलचिलाती गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने 12 जून को भी प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है।
गोरखपुर में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज
गुरुवार को हुई बारिश में सबसे अधिक 75 मिलीमीटर वर्षा गोरखपुर में दर्ज की गई। इसके अलावा बलिया में 64 मिलीमीटर, जबकि बाराबंकी और संत कबीर नगर में 48-48 मिलीमीटर बारिश हुई। पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में हवाओं की रफ्तार 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। नोएडा से लेकर मेरठ तक तेज हवाओं के साथ बदले मौसम ने लोगों को सुकून दिया।
तराई क्षेत्रों में गिरा तापमान
बारिश और आंधी की वजह से पश्चिमी तराई के इलाकों जैसे बरेली, शाहजहांपुर और नजीबाबाद आदि में दिन का तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया। हालांकि बुंदेलखंड में गर्मी का असर अब भी कायम रहा। झांसी 43.4 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा।
13 जून से कमजोर पड़ेगा सिस्टम
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 12 जून को भी विक्षोभ के असर से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी की संभावना है। शुक्रवार को 19 जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि 13 जून से यह सिस्टम कमजोर पड़ने की उम्मीद है, जिसके बाद गर्मी एक बार फिर बढ़ सकती है।
इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
शुक्रवार को जिन 19 जिलों में गरज-चमक और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, उनमें बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।
इन जिलों में ओलावृष्टि की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना है। जिला प्रशासन ने किसानों और आम लोगों से इन क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/lucknow-up-aaj-ka-mausam-12-june-wather-update-imd-alert-for-thunderstorm-in-19-districts-lucknow-kanpur-agra-meerut-jhansi-ka-mausam-local18-10562067.html