सलमान खान की फिल्म का वो रुला देने वाला गाना, जिसे सुनकर सिंगर की पत्नी रो पड़ीं और डायरेक्टर हो गए भावुक

संगीतकार इस्माइल दरबार ने खुलासा किया कि 'तड़प तड़प के' पहले किसी और प्रोजेक्ट के लिए स्क्रैच ट्रैक के रूप में रिकॉर्ड हो रहा था। गायक केके ने पहले इसे गाने से इनकार किया था, लेकिन रिकॉर्डिंग के बाद उनकी पत्नी इसे सुनकर रो पड़ी थीं।

हिंदी सिनेमा के सबसे दर्दभरे गीतों की चर्चा जब भी छिड़ती है, तो फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' का गाना 'तड़प तड़प के' सबसे पहले जुबान पर आ जाता है। इस यादगार गाने को लेकर म्यूजिक कंपोजर इस्माइल दरबार ने अब एक चौंकाने वाला राज खोला है, जो इस गाने की पूरी कहानी ही बदल देता है।

दूसरे प्रोजेक्ट के लिए बना था यह गाना

इस्माइल दरबार के मुताबिक, सलमान खान और ऐश्वर्या राय की इस ब्लॉकबस्टर फिल्म के लिए यह सुपरहिट गाना असल में लिखा या तैयार ही नहीं किया गया था। शुरुआत में इसकी कहानी कुछ और थी और यह किसी दूसरे प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने वाला था।

अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए संगीतकार ने बताया कि यह गाना पहले एक बहुत बड़े प्रोजेक्ट के लिए महज एक टेम्परेरी यानी 'स्क्रैच ट्रैक' के तौर पर रिकॉर्ड किया जा रहा था। उस समय उनके हाथ में संजय लीला भंसाली की यह बड़ी फिल्म नहीं थी।

ऐसे भंसाली तक पहुंचा गाना

यह गीत आखिरकार फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली तक कैसे पहुंचा, इसका किस्सा भी काफी दिलचस्प है। आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, इस्माइल दरबार ने बताया कि करीब 6 महीने तक भंसाली के साथ उनका काम चलता रहा और फिर एक दिन उन्होंने भंसाली को यह गाना सुनाया।

गाना सुनते ही भंसाली बेहद भावुक और प्रभावित हो उठे। उन्होंने इस्माइल दरबार से कहा, 'आज मुझे पता चल गया कि मेरी फिल्म का इंटरवल कहां होगा और फिल्म का अंत कहां होगा। आज मैंने अपनी फिल्म पूरी कर ली है।'

केके से पहली मुलाकात का किस्सा

इंडियन आइडल के एक आगामी एपिसोड में एक कंटेस्टेंट की परफॉर्मेंस देखकर इस्माइल दरबार इस गाने की पुरानी यादों में खो गए। इसी दौरान उन्होंने दिवंगत और बेहद लोकप्रिय गायक केके (कृष्णकुमार कुन्नाथ) के साथ अपनी पहली मुलाकात का जिक्र भी किया।

उन्होंने बताया कि बांद्रा के एक स्टूडियो में जब वे इस गाने का स्क्रैच रिकॉर्ड कर रहे थे, तभी केके से उनकी पहली भेंट हुई। जब उन्होंने केके को यह गाना सुनाया, तो उन्होंने तुरंत कहा, 'इस्माइल भाई, यह मेरी स्टाइल का गाना नहीं है, मैं इसे नहीं गा पाऊंगा।'

रिकॉर्डिंग के बाद रो पड़ीं केके की पत्नी

हालांकि इस्माइल दरबार को केके की वोकल रेंज और काबिलियत पर पूरा भरोसा था। उन्होंने केके को समझाया कि लो से लेकर हाई नोट्स तक उनकी आवाज एकदम परफेक्ट है और उनसे यह गाना गवाना उनकी जिम्मेदारी है। इसके बाद केके हंसते हुए गाने के लिए राजी हो गए। जब गाना रिकॉर्ड हुआ, तो उसे सुनकर केके की पत्नी रो पड़ी थीं।

https://hindi.news18.com/photogallery/entertainment/bollywood-salman-khan-movie-hum-dil-de-chuke-sanam-hit-sad-song-tadap-tadap-ke-sung-by-kk-ws-l-10561937.html