फीफा वर्ल्ड कप 2026: प्राइज मनी में 50 फीसदी का इजाफा, चैंपियन टीम की झोली में आएंगे 476 करोड़ रुपये

अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की मेजबानी में हो रहे फीफा वर्ल्ड कप 2026 का प्राइज पूल पिछली बार के मुकाबले करीब 50 फीसदी बढ़ाकर 655 मिलियन डॉलर यानी 6241 करोड़ रुपये कर दिया गया है। खिताब जीतने वाली टीम को 50 मिलियन डॉलर यानी 476 करोड़ रुपये मिलेंगे।

खेल जगत के सबसे बड़े आयोजनों में शुमार फुटबॉल वर्ल्ड कप का आगाज इस बार 11 जून से हो रहा है, जो भारतीय समयानुसार देर रात यानी 12 जून से शुरू होगा। 48 टीमों के बीच खेले जा रहे इस टूर्नामेंट की संयुक्त मेजबानी अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको कर रहे हैं। प्रतियोगिता में शामिल सभी 48 टीमों को चार-चार के कुल 12 ग्रुपों में बांटा गया है और 39 दिनों तक चलने वाला यह मेगा इवेंट कुल 16 मैदानों पर खेला जाएगा, जिसमें फाइनल समेत कुल 104 मुकाबले होंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले फीफा ने प्राइज पूल का भी ऐलान कर दिया है, जिसमें पिछली बार के मुकाबले करीब 50 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है।

फीफा ने किया 6241 करोड़ रुपये के प्राइज पूल का ऐलान

फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के लिए फीफा की ओर से घोषित प्राइज पूल में जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली है। यह कुल 655 मिलियन यूएस डॉलर है, जिसे मौजूदा समय में भारतीय रुपये में आंका जाए तो करीब 6241 करोड़ रुपये बैठता है और यह पिछली बार के मुकाबले 50 फीसदी अधिक है। इसमें वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतने वाली टीम को 50 मिलियन यूएस डॉलर यानी कुल 476 करोड़ रुपये मिलेंगे, जबकि उपविजेता टीम को 33 मिलियन यूएस डॉलर यानी कुल 314 करोड़ रुपये की प्राइज मनी दी जाएगी। इसके अलावा टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली टीमों को फीफा खेलने की प्राइज मनी भी देगा, जिसके तहत 48वें स्थान पर रहने वाली टीम भी 86 करोड़ रुपये अपने साथ लेकर लौटेगी।

क्वालीफाई करने वाली हर टीम को मिलेंगे 10 मिलियन डॉलर

इस वर्ल्ड कप में किस टीम ने किस पायदान पर अपना सफर खत्म किया, उसके आधार पर प्राइज मनी दिए जाने के अलावा हिस्सा लेने वाली सभी टीमों को फीफा की ओर से क्वालिफिकेशन के 10 मिलियन यूएस डॉलर भी मिलेंगे। इन रकमों को जोड़कर अगर कुल पूल देखा जाए तो करीब 8299 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विजेता और उपविजेता के अलावा तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 276 करोड़ रुपये और चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 257 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। 5वें से 8वें नंबर पर रहने वाली प्रत्येक टीम को 181 करोड़ रुपये मिलेंगे, वहीं 9वें से 16वें स्थान तक पहुंचने वाली टीमों के खाते में 143 करोड़ रुपये जाएंगे। 17वें से 32वें नंबर पर रहने वाली टीम को 105 करोड़ रुपये मिलेंगे, जबकि 33वें से लेकर अंतिम यानी 48वें स्थान तक रहने वाली प्रत्येक टीम को फीफा की ओर से 86 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

https://www.indiatv.in/sports/other-sports/fifa-world-cup-2026-winner-to-get-approx-rupees-476-crore-prize-fund-has-jumped-by-nearly-50-percent-from-last-event-2026-06-11-1224526