रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का बड़ा ऐलान, 15 जुलाई तक लॉन्च होगी IRCTC की नई वेबसाइट

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि IRCTC की नई वेबसाइट 15 जुलाई तक लॉन्च कर दी जाएगी, जिससे यात्रियों को टिकट बुकिंग में तेज और बेहतर अनुभव मिलेगा।

भारतीय रेल के यात्रियों के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग को और सरल तथा आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठने जा रहा है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी है कि IRCTC की नई वेबसाइट अगले महीने 15 जुलाई तक शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने यह बात छात्रों की मांग के जवाब में कही।

मौजूदा जरूरतों के हिसाब से तैयार होगी नई वेबसाइट

रेल मंत्री की इस घोषणा के बाद ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि IRCTC की नई वेबसाइट को वर्तमान आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा सकता है, ताकि टिकट बुक करते समय यात्रियों को बेहतर अनुभव हासिल हो। रेलवे का लक्ष्य है कि ऑनलाइन बुकिंग के दौरान लोगों को तेज और सुरक्षित डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

छात्रों की मांग पर हुई घोषणा

असल में, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह छात्रों से बातचीत करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान छात्र उनसे IRCTC की नई वेबसाइट की मांग करते हैं। इसके बाद अश्विनी वैष्णव फोन पर किसी से बात करते हैं और फिर बताते हैं कि एक महीने के भीतर वेबसाइट बनाने का काम पूरा हो जाएगा तथा 15 जुलाई तक नई वेबसाइट लॉन्च कर दी जाएगी।

आसान और आकर्षक होगा यूजर इंटरफेस

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, नई IRCTC वेबसाइट का यूजर इंटरफेस पहले से अधिक सरल और आकर्षक हो सकता है। इसके साथ ही वेबसाइट की गति और सर्वर क्षमता में भी मौजूदा व्यवस्था के मुकाबले सुधार किया जा सकता है, जिससे तत्काल टिकट बुकिंग या भारी ट्रैफिक के समय आने वाली तकनीकी दिक्कतों को कम किया जा सके। लंबे समय से यात्री टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म को अधिक सक्षम बनाने की मांग कर रहे थे।

दुनिया के सबसे बड़े रेल नेटवर्क में शामिल है भारतीय रेलवे

उल्लेखनीय है कि भारतीय रेलवे विश्व के सबसे बड़े रेल नेटवर्क में से एक है। हर दिन लाखों यात्री IRCTC के माध्यम से अपनी टिकट बुक करते हैं। ऐसे में नई वेबसाइट की लॉन्चिंग को भारतीय रेलवे के डिजिटल आधुनिकीकरण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। 15 जुलाई तक नई वेबसाइट के शुरू होने के बाद यात्रियों को एक नया और बेहतर ऑनलाइन अनुभव मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

https://www.indiatv.in/paisa/business/irctc-new-website-launch-by-july-15-railway-minister-ashwini-vaishnaw-announce-2026-06-11-1224530