दिग्विजय सिंह को 'मिस्टर बंटाधार' किसने कहा, इंदौर में कभी भी हो सकती है FIR, समझें पूरा घटनाक्रम

एक कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट को लेकर की गई दिग्विजय सिंह की टिप्पणी पर सियासी बवाल मच गया है। इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने उन्हें 'मिस्टर बंटाधार' बताते हुए खुद कोर्ट की अवमानना का मामला दर्ज कराने का ऐलान किया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक कार्यक्रम के दौरान सुप्रीम कोर्ट से जुड़े विषय पर जो टिप्पणी की, उसे लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। सोशल मीडिया पर उनके बयान पर तीखी प्रतिक्रियाएं आईं और बीजेपी नेताओं ने इसे न्यायपालिका की गरिमा के खिलाफ करार दिया। मामला बढ़ते ही आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया।

क्या है पूरा मामला

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन फॉर्म रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद उन्हें चुनाव आयोग से भी राहत नहीं मिली और कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। दूसरी ओर बीजेपी के राज्यसभा उम्मीदवारों को जीत के प्रमाणपत्र मिल गए। इसी के बाद दिग्विजय सिंह ने कहा कि सबने मिलकर चोरी की है और इसमें चुनाव आयोग, केंद्र तथा माननीय सुप्रीम कोर्ट भी शामिल हैं। इस बयान के बाद बीजेपी के कई नेताओं ने उन पर हमला बोला।

फग्गन सिंह कुलस्ते का हमला

मंडला सांसद और पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि राज्यसभा में नाम न आने से दिग्विजय सिंह परेशान और फ्रस्ट्रेटेड हैं। उन्होंने कहा कि राज्यसभा के लिए ऐसी महिला का नाम आया, जो अपराधी है और अपराध छिपाने के चलते उनका फॉर्म रिजेक्ट हो गया। कुलस्ते के मुताबिक सरकार या पार्टी को चोर कहना उलझाने वाली बात है।

उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे, राज्यसभा और लोकसभा में भी रहे, लेकिन इस तरह की बात करना गलत है। कुलस्ते ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने मध्य प्रदेश के लिए कुछ नहीं किया, बल्कि प्रदेश का कबाड़ा ही किया।

महापौर ने बताया 'मिस्टर बंटाधार'

इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दिग्विजय सिंह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश की सर्वोच्च संस्था सुप्रीम कोर्ट के लिए जिस भाषा का इस्तेमाल किया गया, उससे उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। भार्गव ने उन्हें 'मिस्टर बंटाधार' बताते हुए कहा कि जो नेता अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार का नामांकन सही ढंग से दाखिल नहीं करवा सके, वे अब संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं।

महापौर ने कहा कि कांग्रेस के पास बड़ी कानूनी टीम और वरिष्ठ वकीलों की फौज होने के बावजूद नामांकन में हुई चूक उनकी कार्यशैली को उजागर करती है। उन्होंने मांग की कि सुप्रीम कोर्ट दिग्विजय सिंह के बयान पर स्वतः संज्ञान लेते हुए अवमानना की कार्रवाई करे।

कभी भी दर्ज हो सकती है FIR

हाई कोर्ट महाधिवक्ता रह चुके महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि यह कोर्ट की अवमानना का प्रकरण है और एक अधिवक्ता होने के नाते वे स्वयं इस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ेंगे तथा दिग्विजय सिंह के खिलाफ कोर्ट की अवमानना का मामला दर्ज कराएंगे। बीजेपी नेताओं के बयानों से संकेत मिलता है कि इंदौर में दिग्विजय सिंह के खिलाफ कभी भी एफआईआर दर्ज हो सकती है। बताया जा रहा है कि कंटेम्प्ट ऑफ कोर्ट को लेकर बीजेपी की लीगल टीम जुटी हुई है।

विधायक रामेश्वर शर्मा की प्रतिक्रिया

बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट को चोर कहने वाले बयान पर कहा कि ऐसा राहुल गांधी बोल सकते थे, लेकिन दिग्विजय सिंह नहीं, क्योंकि वे मुख्यमंत्री रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट को स्वतः संज्ञान लेकर एफआईआर करनी चाहिए और कांग्रेस देश को अलगाव की ओर ले जाना चाहती है।

'धुरंधर' के 'हमजा' से तुलना

भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि दिग्विजय सिंह को कानूनी नोटिस भेजा जाएगा और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई भी की जाएगी। मिश्रा ने कांग्रेस पर क्रॉस वोटिंग के डर से राज्यसभा चुनाव में अपना नामांकन वापस लेने का आरोप लगाया। उन्होंने दिग्विजय सिंह की तुलना फिल्म धुरंधर के किरदार 'हमजा' से करते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह, कमलनाथ और राहुल भैया जैसे तमाम दिग्गज कांग्रेसी नेता राज्यसभा की दौड़ में थे, फिर राज्यसभा का नामांकन कैसे निरस्त हुआ, यह कांग्रेस को बेहतर पता है।

उषा ठाकुर की नसीहत

इंदौर से बीजेपी विधायक उषा ठाकुर ने दिग्विजय सिंह की भाषा को असंसदीय बताते हुए कहा कि उन्होंने अपनी टिप्पणी से लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान किया है। उन्होंने कांग्रेस को नसीहत दी कि दूसरों पर आरोप लगाने से पहले पार्टी को आत्ममंथन करना चाहिए। ठाकुर ने यह भी कहा कि नामांकन पत्र भरने में हुई गलती के लिए दूसरों को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। दिग्विजय सिंह के इस बयान को लेकर अब बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग और तेज होती दिख रही है।

https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/indore-digvijaya-singh-on-supreme-court-mayor-pushyamitra-bhargava-bjp-leaders-statement-usha-thakur-local18-10561904.html