ईरान पर हमला कुछ घंटों के लिए टला, जानें ट्रंप ने अचानक क्यों पलटा अपना रुख

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर नए सैन्य हमलों की योजना फिलहाल रोकने का ऐलान किया है। बड़े सैन्य अभियान की चेतावनी देने के कुछ ही घंटों बाद उन्होंने यह यू-टर्न लिया।

वॉशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अचानक अपना रुख बदलते हुए ईरान पर नए सैन्य हमलों की योजना को फिलहाल टालने की घोषणा की है। हैरानी की बात यह रही कि यह फैसला उन्होंने ईरान के खिलाफ बड़े सैन्य अभियान और बमबारी की चेतावनी देने के महज कुछ घंटों के भीतर लिया। सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में ट्रंप ने बताया कि उन्होंने नए हमलों को रोकने का निर्णय इसलिए लिया क्योंकि ईरान के साथ बातचीत अब उसके शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच चुकी है और उसे मंजूरी भी हासिल हो गई है।

समाधान को लेकर अहम प्रगति का दावा

ट्रंप का कहना है कि अमेरिका, इजरायल और क्षेत्र के सहयोगी देशों के बीच युद्धविराम को आगे बढ़ाने और कोई समाधान निकालने को लेकर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है, हालांकि उन्होंने इस बारे में कोई विस्तृत ब्योरा नहीं दिया। उनके मुताबिक समझौते से जुड़े कई अहम बिंदुओं पर सैद्धांतिक और विस्तृत, दोनों स्तरों पर सहमति बन चुकी है। हालांकि बीते कुछ हफ्तों में भी वह कई बार समझौता करीब होने का दावा कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आ सका है।

ईरान ने कई अमेरिकी ठिकानों को बनाया निशाना

इस बीच अमेरिका और ईरान के बीच 8 अप्रैल को हुआ युद्धविराम टूट चुका है और दोनों देश एक-दूसरे के ठिकानों पर लगातार हमले कर रहे हैं। गुरुवार को ईरान ने अमेरिका के कई सैन्य ठिकानों पर निशाना साधा। ईरान का दावा है कि उसने जॉर्डन, कुवैत और बहरीन में स्थित अमेरिका के 5 सैन्य अड्डों पर जोरदार हमले किए हैं। ईरानी अधिकारियों के अनुसार, इन हमलों में अमेरिका के दो विमान नष्ट हो गए, जबकि जॉर्डन में मौजूद एक अमेरिकी एयरबेस का हैंगर भी तबाह हो गया।

अमेरिका के 3 एफ-16 लड़ाकू विमान क्षतिग्रस्त

वहीं अमेरिकी मीडिया की रिपोर्टों में दावा किया गया है कि हमले के दौरान हैंगर में खड़े अमेरिका के 3 एफ-16 लड़ाकू विमान भी क्षतिग्रस्त या नष्ट हुए हैं। ईरान ने बहरीन स्थित अमेरिकी नौसेना के फिफ्थ फ्लीट मुख्यालय को भी निशाना बनाने का दावा किया है। इसके अलावा कुवैत में मौजूद अमेरिका के 2 सैन्य अड्डों को भी नुकसान पहुंचने की बात कही गई है। ईरानी सेना ने इराक की राजधानी बगदाद में स्थित अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन से हमला करने का भी दावा किया है।

कुछ ही घंटों में बदल गए ट्रंप के तेवर

गौरतलब है कि कुछ घंटे पहले ही ट्रंप ने कहा था कि अब वह ईरान को और मोहलत नहीं देंगे और अमेरिकी सेना को दोबारा बमबारी शुरू करने का आदेश दे दिया गया है। उन्होंने यह संकेत भी दिया था कि अमेरिकी सेना ईरान के रणनीतिक रूप से अहम खार्ग द्वीप पर कब्जा कर सकती है। ट्रंप का कहना था कि पाकिस्तान की मध्यस्थता और आग्रह पर उन्होंने ईरान को समझौते का मौका दिया था, लेकिन 'जिद्दी' ईरानी नेतृत्व के चलते बात आगे नहीं बढ़ सकी।

https://www.indiatv.in/world/us/donald-trump-halts-planned-iran-strikes-hours-after-threats-signals-progress-in-high-level-peace-talks-2026-06-11-1224564