'एक लाख रुपये दो वरना...', युवती की AI से बनाई न्यूड तस्वीर डाक से घर भेजी, WhatsApp पर रिश्तेदारों को भी भेजी

ग्वालियर में एक शख्स ने 24 वर्षीय युवती की AI से आपत्तिजनक तस्वीर बनाकर लिफाफे में डाक से उसके घर भेजी और एक लाख रुपये की मांग की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आईटी एक्ट और ब्लैकमेलिंग की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दुरुपयोग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सिरफिरे ने 24 वर्षीय युवती की AI की मदद से न्यूड तस्वीर तैयार की और उसे एक लिफाफे में बंद कर डाक के जरिये उसके घर भेज दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने वही आपत्तिजनक तस्वीर वॉट्सऐप के माध्यम से युवती के रिश्तेदारों तक भी पहुंचा दी। इस हरकत से परेशान होकर पीड़िता ने आखिरकार पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

"एक लाख दो, नहीं तो वायरल कर दूंगा"

यह घटना ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र के न्यू मोहन नगर की है। पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि बीती 21 मई को उसके घर डाक से एक लिफाफा पहुंचा। जब उसने लिफाफा खोला तो उसके होश उड़ गए। उसमें AI से बनाई गई उसकी एक लड़के के साथ आपत्तिजनक तस्वीर मौजूद थी। लिफाफे के पीछे लिखा था— "तुम मुझे एक लाख रुपये दो, नहीं तो मैं तुम्हारी ये न्यूड फोटो वायरल कर दूंगा।"

पिता ने कॉल किया तो आरोपी ने क्या कहा

बदनामी के डर से युवती शुरुआत में चुप रही, लेकिन जब वह डिप्रेशन में दिखने लगी तो उसके पिता ने सख्ती से पूछताछ की। युवती ने रोते हुए पिता को पूरी सच्चाई बताई। इसके बाद पिता ने लिफाफे पर लिखे नंबर पर संपर्क किया। फोन उठाने वाले शख्स ने अपना नाम नितिन बताया और कहा कि ये तस्वीरें उसकी पत्नी और दोस्त के वॉट्सऐप नंबर पर आई हैं। आरोपी ने इन तस्वीरों को युवती की ताई समेत अन्य रिश्तेदारों के वॉट्सऐप पर भी भेज दिया था।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

लगातार हो रही मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आखिरकार युवती ने हिम्मत जुटाई और परिवार के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत और वॉट्सऐप नंबर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट और ब्लैकमेलिंग की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की मदद से नंबर को ट्रेस कर आरोपी की पहचान और उसकी गिरफ्तारी की कोशिशें तेज कर दी गई हैं।

https://www.indiatv.in/madhya-pradesh/gwalior-ai-nude-photo-of-girl-sent-to-home-by-post-circulated-among-relatives-on-whatsapp-2026-06-11-1224546