अरुणाचल प्रदेश की राजधानी क्षेत्र से महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है। नाहरलागुन और लेखी इलाके में दो अलग-अलग महिलाओं का पीछा कर उनके घरों में जबरन घुसने और उनके साथ दुष्कर्म की कोशिश के आरोप में पुलिस ने 19 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। राहत की बात यह रही कि दोनों ही महिलाओं ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाई, जिसके चलते दो बड़ी वारदातें टल गईं।
आरोपी की पहचान
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी की पहचान पूर्वी कामेंग जिले के सेप्पा निवासी जॉन लोडा के रूप में हुई है। उस पर दो महिलाओं का पीछा करने, उनके घरों में जबरन घुसने और दुष्कर्म की कोशिश का आरोप है।
पहली वारदात: तड़के 3 बजे घर तक पहुंचा युवक
पहली घटना 7 जून की तड़के करीब 3 बजे नाहरलागुन इलाके में हुई। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि एक अनजान युवक उसका पीछा करते हुए उसके घर तक आ पहुंचा और फिर अंदर घुसने की कोशिश करने लगा।
महिला के मुताबिक उस युवक के पास दो कैंचियां थीं और वह खिड़की तथा दरवाजे के रास्ते घर में दाखिल होने का प्रयास कर रहा था। डर के बावजूद महिला ने देर न करते हुए तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दे दी।
दूसरी वारदात: सोई युवती के कपड़े कैंची से काटे
पहली घटना के करीब आधे घंटे बाद ही दूसरी वारदात सामने आई। यह मामला निर्जुली थाने के अंतर्गत आने वाले लेखी इलाके का है। पुलिस का कहना है कि वही युवक एक युवती के किराए के कमरे में उस समय घुस गया, जब वह सो रही थी।
आरोप है कि उसने युवती का मुंह दबा दिया और दुष्कर्म की नीयत से कैंची की मदद से उसके कपड़े काट डाले। इसी बीच युवती की अचानक आंख खुल गई और उसने घबराने के बजाय पूरी हिम्मत से आरोपी का सामना किया। बचाव की इस जद्दोजहद में युवती के चेहरे पर कुछ चोटें भी आईं। जैसे ही उसने शोर मचाया, आरोपी मौके से फरार हो गया।
सीसीटीवी की मदद से धरा गया आरोपी
ईटानगर नाहरलागुन इलाके के पुलिस अधीक्षक न्येलम नेगा ने बताया कि दोनों महिलाओं की शिकायतों के आधार पर जांच शुरू की गई। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों और दूसरे सुरागों के सहारे आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने सराहा महिलाओं का साहस
एसपी ने दोनों महिलाओं की बहादुरी की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता और तत्काल पुलिस को जानकारी देने की वजह से आरोपी को पकड़ने में बड़ी मदद मिली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
https://hindi.news18.com/news/crime/arunachal-pradesh-naharlagun-women-stalking-house-trespass-molestation-accused-john-loda-arrested-2-10561575.html