तकनीक की दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई ने लोगों के तमाम काम आसान कर दिए हैं, लेकिन इसके गलत इस्तेमाल ने किसी की जिंदगी को मुश्किल में डालने का जरिया भी दे दिया है। ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला मध्य प्रदेश के ग्वालियर से सामने आया है, जहां एक आरोपी ने एआई की मदद से युवती की फर्जी अश्लील तस्वीर तैयार कर उसी को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
डाक से घर पहुंचा लिफाफा, अंदर थी फर्जी तस्वीर
आरोपी ने युवती की एक लड़के के साथ एआई से बनाई गई न्यूड तस्वीर डाक के जरिए लिफाफे में बंद कर सीधे उसके घर भेज दी। जब युवती ने लिफाफा खोला और उसमें अपनी इस तरह की तस्वीर देखी तो वह सन्न रह गई। आरोपी ने एक लाख रुपये की मांग की और साफ कहा कि अगर रकम नहीं दी गई तो वह यह तस्वीर वायरल कर देगा।
रिश्तेदारों तक भेजी तस्वीर
आरोपी यहीं नहीं रुका। उसने व्हाट्सएप के जरिए युवती के रिश्तेदारों को भी यह फर्जी तस्वीर भेज दी, जिससे युवती और उसका परिवार बुरी तरह परेशान हो गया। आखिरकार पीड़िता ने थाटीपुर थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
क्या है पूरा मामला
यह घटना थाटीपुर थाना क्षेत्र के न्यू मोहन नगर की है। 24 साल की युवती ने पुलिस को बताया कि 21 मई को डाक से उसके घर एक लिफाफा आया था। लिफाफा खोलने पर उसमें एक लड़के के साथ एआई से बनाई गई उसकी न्यूड तस्वीर निकली, जिसे देखकर उसके होश उड़ गए।
तस्वीर के पीछे लिखा था कि अगर एक लाख रुपये नहीं दिए तो आरोपी उसकी न्यूड तस्वीर वायरल कर देगा। बदनामी के डर से युवती कुछ समय तक चुप रही।
पिता ने पूछा तो खुली बात
बेटी को परेशान देखकर पिता ने जब वजह पूछी तो युवती ने पूरी बात बता दी। पिता ने लिफाफे पर लिखे नंबर पर फोन किया तो दूसरी ओर से बात कर रहे व्यक्ति ने अपना नाम नितिन बताया।
आईटी एक्ट में दर्ज हुआ मामला
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस ने लोगों से ऐसे साइबर अपराधों को लेकर सतर्क और सावधान रहने की अपील भी की है।
https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/gwalior-obscene-photos-created-using-ai-were-sent-to-girl-she-was-horrified-upon-seeing-the-images-10561545.html