उत्तराखंड के नैनीताल में स्थित विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में 15 जून को आयोजित होने वाले स्थापना दिवस मेले की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। इस मौके पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को ध्यान में रखते हुए नैनीताल पुलिस ने व्यापक यातायात और सुरक्षा योजना तैयार कर ली है। पुलिस के अनुसार यह विशेष व्यवस्था 13 जून की सुबह से लेकर 16 जून की रात तक प्रभावी रहेगी, और इस अवधि में भारी मालवाहक गाड़ियों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लागू रहेगा।
निजी वाहन से सीधे मंदिर तक नहीं जा सकेंगे श्रद्धालु
नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मेले के दौरान किसी भी श्रद्धालु को अपने निजी वाहन से सीधे कैंची धाम मंदिर तक पहुंचने की अनुमति नहीं दी जाएगी। हर श्रद्धालु को तय किए गए पार्किंग स्थलों पर ही अपना वाहन खड़ा करना होगा और वहां से शटल सेवाओं के जरिए मंदिर तक ले जाया जाएगा। एसएसपी ने कहा,
'श्रद्धालु चाहे नैनीताल रोड से आएं, रामनगर रोड से या फिर हल्द्वानी-काठगोदाम रोड से, सभी को अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने होंगे। इसके बाद कैंची धाम तक केवल शटल सेवा के माध्यम से ही पहुंचा जा सकेगा।'
श्रद्धालुओं को कहां खड़ी करनी होगी गाड़ी
पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि 12 जून को पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और अधिकारियों की ब्रीफिंग होगी। 12 जून की शाम को अलग-अलग स्थानों पर पॉइंट-टू-पॉइंट ब्रीफिंग की जाएगी, जिसके बाद 13 जून की सुबह से यातायात योजना को पूरी तरह से अमल में लाया जाएगा। हल्द्वानी और काठगोदाम की तरफ से अपने वाहन से आने वाले श्रद्धालुओं को भीमताल पार्किंग और विकास भवन पार्किंग में गाड़ी खड़ी करनी होगी। दूसरी ओर, नैनीताल और रामनगर की दिशा से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मेट्रोपोल पार्किंग और डीएसए फ्लैट्स पार्किंग निर्धारित की गई है। इन दोनों ही स्थानों से शटल और कैब सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
बस और ट्रेन से आने वालों के लिए खास इंतजाम
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि हल्द्वानी बस अड्डा, हल्द्वानी रेलवे स्टेशन और काठगोदाम रेलवे स्टेशन से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मिनी बसों और बसों के जरिए विशेष शटल सेवाएं संचालित की जाएंगी। ये वाहन श्रद्धालुओं को सीधे कैंची धाम तक पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा,
'शटल सेवाओं को चलाने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पर्याप्त संख्या में वाहन मौजूद रहेंगे ताकि किसी भी श्रद्धालु को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।'
चार दिन भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक
यातायात को सुचारू रखने के उद्देश्य से 13 जून से 16 जून की रात तक हर प्रकार के भारी मालवाहक वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है। हालांकि दूध, गैस, पेट्रोलियम पदार्थ और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को तय शर्तों के अनुसार आवाजाही की छूट रहेगी। पुलिस ने मालवाहक वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते भी निर्धारित कर दिए हैं। ऐसे वाहन टनकपुर के रास्ते बागेश्वर और पिथौरागढ़ की ओर जा सकेंगे, जबकि रामनगर मार्ग से होकर अल्मोड़ा की दिशा में आवागमन कर पाएंगे। नैनीताल मार्ग पर आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाले वाहनों को छोड़कर बाकी सभी मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
https://www.indiatv.in/india/national/kainchi-dham-mela-2026-traffic-plan-announced-private-vehicles-barred-near-temple-check-parking-and-shuttle-details-2026-06-11-1224514