आगरा में आयुष्मान कार्ड की तरह ही अब आभा (ABHA) आईडी कार्ड भी तेज गति से बनाए जा रहे हैं। सरकार की यह योजना आम लोगों के लिए बेहद लाभकारी मानी जा रही है। आगरा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि आयुष्मान कार्ड केवल पात्र लोगों के ही बनते हैं, जबकि आभा आईडी कार्ड हर किसी को बनवाना चाहिए। उनके अनुसार इस योजना से लोगों को काफी फायदा मिलेगा।
क्या है आसान तरीका
सीएमओ ने बताया कि आभा (ABHA) आईडी कार्ड को घर बैठे ऑनलाइन बनाने के लिए आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है। सबसे सरल तरीका यह है कि अपने आधार कार्ड और उससे जुड़े मोबाइल नंबर का उपयोग करते हुए ABHA की आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण किया जाए। यह पूरी तरह निशुल्क प्रक्रिया है। इसके अलावा नजदीकी सरकारी अस्पताल में जाकर भी इसे बनवाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि यह योजना भविष्य के लिहाज से बेहद उपयोगी साबित होने वाली है। साथ ही यह पूरी तरह गोपनीय और सुरक्षित रहती है। इस योजना के तहत मरीजों के सभी प्रकार की बीमारियों से जुड़े दस्तावेज डिजिटल रूप में सुरक्षित हो जाते हैं, जिससे अस्पताल जाने पर बड़े-बड़े कागज या किसी पर्चे के खोने का डर नहीं रहता। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सरकारी अस्पताल में इलाज करा रहा है और प्राइवेट में जाना चाहता है, तो वह इस ऐप के जरिए अपने हेल्थ दस्तावेज आसानी से अपने निजी डॉक्टर को दिखा सकता है।
घर बैठे ऐसे करें आवेदन
मुख्य चिकित्सा अधिकारी अरुण श्रीवास्तव के मुताबिक आभा आईडी कार्ड का आवेदन घर पर ही किया जा सकता है। इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा सकता है। सबसे आसान तरीका अपने आधार कार्ड और उससे जुड़े मोबाइल नंबर के जरिए ABHA की आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण करना है।
उन्होंने पूरी प्रक्रिया समझाते हुए बताया:
- आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद ‘Create ABHA Number’ पर क्लिक करें और ‘Aadhaar’ का विकल्प चुनें।
- इसके बाद अपना 12 अंकों का आधार नंबर डालें और नियम व शर्तें स्वीकार करें।
- आपके आधार से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी (OTP) आएगा, उसे दर्ज करें।
- संपर्क के लिए अपना वर्तमान मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज करें; यदि आधार से जुड़ा नंबर चालू है तो आप उसे भी चुन सकते हैं।
- इसके बाद अपनी पसंद का एक यूज़रनेम (जैसे आपका नाम या कोई विशिष्ट संख्या) डालकर एक ABHA Address बनाएं और ‘Create ABHA’ पर क्लिक करें।
- अब आपका 14 अंकों का आभा नंबर और कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे आप डाउनलोड करके प्रिंट कर सकते हैं।
इस आसान तरीके से कोई भी व्यक्ति घर बैठे यह कार्ड बना सकता है और इसका लाभ उठा सकता है।
भविष्य के लिए क्यों जरूरी
सीएमओ अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि आभा आईडी कार्ड योजना आने वाले समय में बेहद उपयोगी साबित होगी। बदलते दौर में जब हर काम डिजिटल होता जा रहा है, ऐसे में यह योजना भविष्य में लोगों को बड़ा लाभ देगी। उन्होंने आगरा के सभी निवासियों से अपील की कि वे जल्द से जल्द इस योजना से जुड़ें और इसका फायदा लें। उन्होंने कहा कि यदि घर पर आवेदन करने में कोई परेशानी आ रही है, तो नजदीकी जन सेवा केंद्र या सरकारी अस्पताल में जाकर भी यह कार्ड बनवाया जा सकता है।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/agra-process-creating-free-abha-id-cards-begun-how-apply-various-benefits-available-know-process-local18-ws-l-10561288.html