ऑपरेशन वज्रपात: इंस्टाग्राम पर रील बनाकर और फेसबुक पर लाइव आकर दहशत का माहौल बनाने, शोबाजी करने और गिरोह खड़ा करने वालों के लिए उत्तर प्रदेश में अब मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। ऐसे तत्वों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा सकती है और उनकी संपत्ति तक जब्त की जा सकती है। सोशल मीडिया के सहारे खुद को 'डॉन' साबित करने की होड़ में लगे इन 'शोबाजों' पर शिकंजा कसने के लिए योगी आदित्यनाथ की पुलिस 'ऑपरेशन वज्रपात' चला रही है।
यूपी पुलिस ने चिह्नित किए 165 गिरोह
फेसबुक लाइव या इंस्टाग्राम रील के माध्यम से अपराध को अंजाम देना और लोगों के बीच भय फैलाना अब इतना आसान नहीं रह जाएगा, क्योंकि यूपी पुलिस ने 'ऑपरेशन वज्रपात' की शुरुआत कर दी है। इस अभियान के तहत अब तक पुलिस ने ऐसे 165 गैंग की पहचान की है, जो सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर वसूली, गुंडई-दबंगई और दहशत फैलाने में जुटे हैं। ये गिरोह सदस्य जोड़ने के लिए अभियान चला रहे हैं, लोगों को डराने के लिए हथियार लहरा रहे हैं, रंगदारी वसूल रहे हैं, खौफ पैदा करने के लिए स्टंट कर रहे हैं और लाइव आकर खुलेआम धमकियां दे रहे हैं।
कई गिरोहों के नाम बेहद अजीबोगरीब
पुलिस की पकड़ में ऐसे गैंग भी आए हैं, जो सोशल मीडिया पर खुलकर सदस्यता अभियान चला रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इन गिरोहों के नाम भी बेहद अनोखे और अजीबोगरीब हैं। इनकी पहचान और मुख्य गतिविधियां इस प्रकार हैं—
- ठकुरान गैंग: जातिगत वर्चस्व कायम करना और रील्स के जरिए धमकियां देना।
- डी गैंग उर्फ दरोगा यादव गैंग: हथियारों का प्रदर्शन और लाइव आकर चुनौती देना।
- राधे-राधे गैंग: धार्मिक प्रतीकों की आड़ में युवकों को भड़काना।
- हंटर गैंग: सोशल मीडिया पर वसूली और मारपीट के वीडियो पोस्ट करना।
- पैंथर गैंग: हथियारों के साथ रील बनाकर दहशत फैलाना।
- घातक 1417 गैंग: कोडनेम के सहारे साइबर नेटवर्क और गुंडई करना।
- रोशन सरकार गैंग: खुद को "सरकार" बताकर इलाके में दबंगई करना।
- 009 यदुवंशी ब्रांड: जातिगत गानों पर रील्स बनाकर दहशत का माहौल बनाना।
- रेवतीपुर गैंग: दहशत फैलाने वाली गतिविधियों में शामिल रहना।
- महाकाल गैंग: धार्मिक नाम का इस्तेमाल कर युवकों को एकजुट करना।
- फरसा गैंग: धारदार हथियारों के साथ रील्स बनाकर शोबाजी करना।
23 आरोपी गिरफ्तार
इस अभियान के तहत पुलिस ने अब तक 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का साफ संदेश है कि सोशल मीडिया को हथियार बनाकर अपराध और दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/up-police-operation-vajrapat-against-social-media-gangs-instagram-reels-165-gangs-identified-2026-06-11-1224507