रेस्टोरेंट में परोसा जाने वाला चीज गार्लिक ब्रेड अपने बेहतरीन स्वाद की वजह से बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी की पसंद बना रहता है। इसमें मौजूद लहसुन का फ्लेवर इस डिश के स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है। अच्छी बात यह है कि इसे आप अपने घर पर बेहद आसानी से बना सकते हैं। अगर आप भी इसकी रेसिपी ढूंढ रहे हैं तो बता दें कि महज तीन से चार सामग्री की मदद से यह स्वादिष्ट गार्लिक ब्रेड तैयार किया जा सकता है। खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा वक्त भी नहीं लगता और स्वाद उतना ही शानदार रहता है। आइए जानते हैं घर पर चीज गार्लिक ब्रेड बनाने का तरीका।
चीज गार्लिक ब्रेड बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- चार ब्रेड
- दो पैकेट चीज
- 10 से 12 लहसुन
- तीन चम्मच बटर
- एक चम्मच चिली फ्लैक्स
- ओर्गेनो (ऑप्शनल)
चीज गार्लिक ब्रेड बनाने की विधि
पहला स्टेप: सबसे पहले लहसुन की कलियों को अच्छी तरह छील लें। इसके बाद इन्हें एकदम बारीक कद्दूकस कर लें। चाहें तो आप इसका पेस्ट भी बना सकते हैं।
दूसरा स्टेप: अब गैस जलाकर उस पर एक पैन रखें। पैन में दो चम्मच बटर डालें और जब यह पिघल जाए तो इसमें कद्दूकस किया हुआ लहसुन मिला दें।
तीसरा स्टेप: इस बात का खास ध्यान रखें कि लहसुन अच्छी तरह ब्राउन हो जाए। जैसे ही लहसुन ब्राउन हो जाए, गैस बंद कर दें।
चौथा स्टेप: अब दोनों ब्रेड पर बटर और लहसुन का यह पेस्ट अच्छी तरह लगाएं और इसके ऊपर चीज की एक-एक स्लाइस रख दें। फिर दोनों ब्रेड पर चिली फ्लैक्स और ओर्गेनो छिड़क दें।
पांचवां स्टेप: अब सैंडविच मेकर ऑन करें और उसमें बटर ग्रीस कर दें। दोनों ब्रेड को उसके ऊपर रखकर टोस्ट होने दें। जब ब्रेड कुरकुरी और कड़क हो जाए तो उसे मेकर से निकाल लें। कड़क होने में तीन से पांच मिनट तक का समय लग सकता है।
छठा स्टेप: आपका स्वादिष्ट चीज गार्लिक ब्रेड बनकर तैयार है। इसे टोमैटो सॉस के साथ गरमागरम सर्व करें।
https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/you-can-make-garlic-bread-at-home-using-just-four-ingredients-not-the-recipe-2026-06-11-1224462