ODI World Cup 2027: सामने आईं संभावित तारीखें, जानिए कब से कब तक चलेगा वनडे महाकुंभ

वनडे विश्व कप 2027 का आयोजन अगले साल साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह आईसीसी टूर्नामेंट चार अक्टूबर से 21 नवंबर तक खेला जा सकता है, जिसमें 14 टीमें कुल 54 मुकाबलों में भिड़ेंगी।

क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप 2027 की संभावित तारीखों का खुलासा हो गया है। अब तक सिर्फ इतनी जानकारी थी कि यह आईसीसी टूर्नामेंट अक्टूबर से नवंबर के बीच आयोजित होगा, लेकिन अब इसकी तिथियों को लेकर भी तस्वीर साफ होने लगी है। फिलहाल आईसीसी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, मगर माना जा रहा है कि जल्द ही पूरा शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा। जुलाई में आईसीसी की एक एजीएम प्रस्तावित है, जिसमें कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं।

तीन देशों की मेजबानी में होगा अगले साल का खिताबी मुकाबला

आगामी वनडे विश्व कप की मेजबानी साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से करेंगे। तीनों देशों की टीमों ने इसके लिए अपनी तैयारियां भी तेज कर दी हैं। इसी बीच जानकारी मिली है कि यह आईसीसी टूर्नामेंट चार अक्टूबर से 21 नवंबर तक चल सकता है। ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी की मई में अहमदाबाद में हुई एक बैठक में ही इन तारीखों पर सहमति बनी थी। एक और दिलचस्प बात यह है कि भले ही टूर्नामेंट के तीन मेजबान हों, लेकिन ज्यादातर मुकाबले साउथ अफ्रीका के आठ वेन्यू पर कराए जाने की संभावना है।

कुल 54 मुकाबलों से सजेगा यह विश्व कप

आईसीसी वनडे विश्व कप 2027 में कुल मिलाकर 54 मुकाबले खेले जाएंगे। बताया जा रहा है कि इनमें से 41 मैच अकेले साउथ अफ्रीका में आयोजित होंगे। वहीं जिम्बाब्वे को आठ से दस मैच और नामीबिया को तीन मैच सौंपे जाने पर विचार चल रहा है। जिम्बाब्वे में तीन वेन्यू पर मुकाबले कराए जा सकते हैं। खास बात यह है कि साल 2003 के बाद यह पहला मौका होगा, जब आईसीसी विश्व कप की मेजबानी साउथ अफ्रीका को मिल रही है।

14 टीमों के बीच जंग, सुपर सिक्स की भी होगी वापसी

इस बार के विश्व कप की एक और खासियत यह रहने वाली है कि इसमें कुल 14 टीमें शिरकत करेंगी। इससे पहले जब साल 2023 में भारत की मेजबानी में विश्व कप खेला गया था, तब सिर्फ 10 टीमों ने हिस्सा लिया था। सभी टीमों को सात-सात के दो समूहों में बांटा जाएगा, जिसके बाद वे आपस में भिड़ेंगी। साल 2003 के बाद इस टूर्नामेंट में सुपर सिक्स की भी वापसी हो रही है। मेजबान होने के नाते साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे ने अपनी जगह पहले ही पक्की कर ली है, लेकिन नामीबिया को क्वालीफिकेशन राउंड खेलना पड़ रहा है, क्योंकि वह आईसीसी का फुल मेंबर नहीं है।

https://www.indiatv.in/sports/cricket/odi-world-cup-2027-set-to-run-from-october-4-to-november-21-dates-have-been-revealed-2026-06-11-1224492