मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब नगर निगम का पानी से भरा एक टैंकर अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि टैंकर का ब्रेक फेल हो जाने के कारण चालक वाहन पर काबू नहीं रख सका। तेज रफ्तार से दौड़ते टैंकर ने सड़क पर चल रहे कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
एक के बाद एक वाहनों को रौंदा
बेकाबू टैंकर ने रास्ते में खड़े और चल रहे करीब 3 से 4 चार पहिया वाहनों तथा 2 मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई गाड़ियों के आगे और पीछे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए और कुछ देर के लिए पूरे क्षेत्र में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
फुटपाथ पर जाकर रुका टैंकर
आखिरी क्षणों में टैंकर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को फुटपाथ की ओर मोड़ दिया और उसे वहीं रोकने में कामयाब रहा। चालक की इसी कोशिश से एक बड़ा हादसा टल गया।
गुस्साए लोगों ने की तोड़फोड़
हादसे में टैंकर में सवार एक व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दूसरी ओर, क्षतिग्रस्त वाहनों के मालिकों और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी गई। आक्रोशित लोगों ने टैंकर को घेर लिया और उसमें जमकर तोड़फोड़ कर दी। मौके पर मौजूद कई लोग टैंकर के शीशे और दूसरे हिस्सों को नुकसान पहुंचाते दिखे। स्थिति बिगड़ती देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
घटना के बाद चालक फरार
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू की। पुलिस ने भीड़ को समझा-बुझाकर शांत किया और तोड़फोड़ में शामिल कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। हादसे के बाद टैंकर चालक के मौके से फरार होने की भी जानकारी सामने आई है और पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
कुछ समय तक लगा रहा जाम
इस घटना के चलते सड़क पर कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस और नगर निगम के कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था फिर से सामान्य कराई।
https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/indore-tanker-wreaks-havoc-crushing-car-and-bike-angry-mob-resorts-vandalism-local18-10561033.html