कनाडा में युवती को परेशान कर रहा था सिरफिरा, ढाल बनकर खड़े हो गए भारतीय मूल के क्रिकेटर, सोशल मीडिया पर हो रही वाहवाही

कनाडा के प्रिंस जॉर्ज शहर में पार्क में एक महिला का पीछा कर रहे व्यक्ति से भारतीय मूल के क्रिकेट खिलाड़ियों ने उसे सुरक्षा घेरा बनाकर बचाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के प्रिंस जॉर्ज शहर से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल कायम कर दी है। यहां भारतीय मूल के क्रिकेट खिलाड़ियों ने एक महिला को मुसीबत में देखकर उसकी मदद की और उसे सुरक्षित होने तक अपने साथ रखा। बताया जा रहा है कि पार्क में मौजूद महिला का एक व्यक्ति कथित तौर पर पीछा कर रहा था, जिससे वह डरी और परेशान नजर आ रही थी। यह देखकर प्रिंस जॉर्ज क्रिकेट क्लब के खिलाड़ियों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया।

बीते कुछ महीनों में सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें विदेशों में रहने वाले भारतीयों को सिर्फ भारतीय होने के कारण अपमान और कई बार नस्लीय हिंसा तक झेलनी पड़ी। लेकिन इस बार जो वीडियो वायरल हो रहा है, वह विदेश में बसे भारतीयों का वह पहलू दिखाता है, जिसे नस्लवाद की सोच रखने वाले शायद देख नहीं पाते। यही वीडियो अब तेजी से सोशल मीडिया पर फैल रहा है।

पार्क में डरी हुई थी महिला

घटना के मुताबिक महिला पार्क में मौजूद थी, तभी एक व्यक्ति उसका पीछा करते हुए वहां पहुंच गया। इस वजह से महिला बेहद परेशान और सहमी हुई दिखाई दे रही थी। ठीक उसी समय भारतीय मूल के खिलाड़ियों की नजर उस पर पड़ी और उन्होंने पूरी स्थिति को भांप लिया।

खिलाड़ियों ने बनाया सुरक्षा घेरा

प्रिंस जॉर्ज क्रिकेट क्लब के भारतीय मूल के खिलाड़ी बिना देर किए महिला की मदद के लिए आगे आए। उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से पीछा कर रहे आरोपी का सामना किया और महिला के चारों ओर सुरक्षा घेरा बना लिया, ताकि वह खुद को महफूज महसूस कर सके। खिलाड़ियों ने तब तक उसका साथ नहीं छोड़ा, जब तक हालात पूरी तरह काबू में नहीं आ गए। उनकी सतर्कता और जिम्मेदार रवैये की वजह से किसी भी अनहोनी को टाल दिया गया।

सोशल मीडिया पर मिल रही सराहना

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने खिलाड़ियों की बहादुरी, संवेदनशीलता और सामुदायिक भावना की जमकर तारीफ की। कई यूजर्स ने उन्हें हीरो बताते हुए कहा कि उन्होंने कठिन समय में साहस और जिम्मेदारी का परिचय दिया। लोगों का कहना है कि इन खिलाड़ियों ने दिखा दिया कि एक जागरूक नागरिक जरूरतमंद की किस तरह मदद कर सकता है।

इस घटना ने सिर्फ कनाडा ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के लोगों का ध्यान खींचा है। भारतीय मूल के इन क्रिकेट खिलाड़ियों की इस पहल को मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण माना जा रहा है।

https://hindi.news18.com/world/rest-of-world-indian-origin-crickers-become-shield-for-woman-from-stalker-in-canada-watch-video-2-10560321.html