दुर्गापुर में टीएमसी नेता सुकुमार दत्ता पर अंडे फेंके गए, भाजपा कार्यकर्ताओं का जोरदार प्रदर्शन

तृणमूल कांग्रेस नेता सुकुमार दत्ता को अदालत ले जाते समय दुर्गापुर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विरोध जताया और उन पर अंडे फेंके। भ्रष्टाचार और वसूली के आरोपों में न्यू टाउनशिप थाना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है।

दुर्गापुर में उस समय माहौल गरमा गया, जब तृणमूल कांग्रेस के नेता सुकुमार दत्ता को पुलिस अदालत ले जा रही थी और भाजपा कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों ने उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान नेता पर अंडे फेंके जाने से पूरे इलाके में तनाव फैल गया। मिली जानकारी के अनुसार, सुकुमार दत्ता पर भ्रष्टाचार, आतंक फैलाने और कथित रूप से वसूली (तोलाबाजी) करने के आरोप लगे थे, जिनको लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। इन्हीं आरोपों के आधार पर दुर्गापुर के न्यू टाउनशिप थाना पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।

गुरुवार सुबह पुलिस सुकुमार दत्ता को न्यू टाउनशिप थाना से बाहर निकालकर दुर्गापुर महकमा अदालत में पेशी के लिए ले जा रही थी। ठीक इसी दौरान बड़ी तादाद में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक थाना परिसर के बाहर जुट गए और उनके खिलाफ नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान फेंके गए अंडे

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विरोध के दौरान कुछ लोगों ने सुकुमार दत्ता को निशाना बनाते हुए लगातार उन पर अंडे फेंके। इस घटना के बाद मौके पर लंबे समय तक अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति बनी रही। हालात को संभालने और नेता को सुरक्षित ढंग से अदालत तक पहुंचाने में न्यू टाउनशिप थाना पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर ही स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। इस प्रकरण ने दुर्गापुर की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। सुकुमार दत्ता के खिलाफ दर्ज मामलों की जांच जारी है और अदालत में पेशी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

बेड के नीचे छिप गया था टीएमसी नेता

पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार गिरने के बाद से तृणमूल कांग्रेस के कई नेताओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने कई नेताओं पर जबरन वसूली और गुंडागर्दी के आरोप लगाए हैं। ऐसे ही एक नेता के घर को नाराज लोगों ने घेर लिया था। डर के मारे वह टीएमसी नेता अपने घर के भीतर बेड के नीचे जा छिपा था। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अपने साथ ले गई। यहां कई लोगों को उनके पैसे भी लौटाए गए हैं। एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें पैसे वापस करने का ऐलान किया जा रहा था।

https://www.indiatv.in/west-bengal/tmc-leader-sukumar-dutta-arrested-people-chanted-thief-threw-eggs-bjp-workers-protested-2026-06-11-1224454