ओमान तट के पास टैंकर पर अमेरिकी हमला: तीन भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि, सरकार ने दिया यह बयान

ओमान के तट पर पलाऊ के झंडे वाले टैंकर एमटी सेटेबेल्लो पर हुए हमले के बाद लापता तीन भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि हो गई है। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इसे समुद्री परिवार के लिए बड़ी क्षति बताया।

ओमान के तट पर पलाऊ के झंडे वाले टैंकर एमटी सेटेबेल्लो पर हुए हमले के बाद से लापता तीन भारतीय नाविकों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हो गई है। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने गुरुवार को यह जानकारी दी। इस सप्ताह की शुरुआत में जब अमेरिका ने इस जहाज़ को निशाना बनाया था, उस समय इस पर 24 भारतीय क्रू सदस्य मौजूद थे। एक्स पर साझा की गई एक पोस्ट में सोनोवाल ने इसे "बेहद दुखद" करार दिया और कहा कि जिन तीन नाविकों के शुरू में लापता होने की सूचना थी, उनका निधन हो गया है।

क्या कहा सर्बानंद सोनोवाल ने

मंत्री ने अपने बयान में कहा, "दुख की बात है कि शुरू में लापता बताए गए तीन भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि हो गई है, क्योंकि दो शव बरामद कर लिए गए हैं।" इसे "हमारे समुद्री परिवार के लिए एक बहुत बड़ी क्षति" बताते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर ज़रूरी सहायता मुहैया कराई जाएगी। उन्होंने आगे कहा, "मोदी सरकार इस मुश्किल घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके परिजनों की मदद करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।"

शवों की शीघ्र वापसी के निर्देश

सोनोवाल ने बताया, "मैंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बचाए गए क्रू सदस्यों की तुरंत घर वापसी और मृतकों के शवों को अंतिम संस्कार के लिए जल्द से जल्द वापस लाने की व्यवस्था की जाए।" मंत्रालय पहले ही स्पष्ट कर चुका था कि जहाज़ पर सवार 24 भारतीय क्रू सदस्यों में से अब तक 21 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि तीन भारतीयों के लापता होने की सूचना थी। खोज एवं बचाव अभियान के दौरान भारतीय अधिकारी ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे थे।

भारत ने दर्ज कराई कड़ी आपत्ति

भारत ने बुधवार को इस कमर्शियल जहाज़ पर हुए हमले की कड़ी निंदा की थी। हमले के समय तीन भारतीय क्रू सदस्य लापता हो गए थे। इस घटना पर विरोध दर्ज कराने के लिए सरकार ने नई दिल्ली में सबसे वरिष्ठ अमेरिकी राजनयिक को भी तलब किया। विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, "हम आज ओमान के तट के पास कमर्शियल जहाज़ सेटेबेलो पर हुए हमले की निंदा करते हैं।"

https://www.indiatv.in/india/national/three-indian-sailors-killed-in-us-attack-on-ship-off-oman-coast-government-confirms-2026-06-11-1224417