बिहार में मानसून की आमद अब बेहद नजदीक आ गई है। राजधानी पटना सहित राज्य के कई हिस्सों में सुबह से ही रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है, जिसने लोगों को कई दिनों से सता रही भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी है। पटना से लेकर पूर्णिया तक अनेक जिलों में बादल बरस रहे हैं और मौसम सुहावना हो उठा है।
अगले कुछ दिनों तक सुहावना रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अगले तीन से चार दिनों तक मौसम का यही मिजाज बना रहने का अनुमान है। इस अवधि में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 2 से 3 दिनों के भीतर बिहार में प्रवेश कर सकता है, जिसके बाद राज्य के ज्यादातर इलाकों में मानसूनी बारिश शुरू होने की संभावना है।
केरल में चार दिन देरी से पहुंचा मानसून
देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत हो चुकी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार इस बार मानसून 4 जून को केरल पहुंचा, जबकि आमतौर पर यह 1 जून तक वहां दस्तक दे देता है। यानी इसकी एंट्री करीब चार दिन देर से हुई। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस देरी का असर बिहार में मानसून के आगमन पर भी पड़ सकता है। हालांकि अब यह तेजी से आगे बढ़ रहा है और जल्द ही राज्य में इसके पहुंचने की उम्मीद है।
अभी कहां तक पहुंचा मानसून
आईएमडी की 10 जून की रिपोर्ट के अनुसार मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी तक पहुंच चुकी है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि 13 से 14 जून के बीच उत्तर-पूर्वी बिहार के रास्ते इसकी एंट्री हो सकती है। गौरतलब है कि बिहार में मानसून का प्रवेश पूर्वी हिस्से से होता है। पश्चिम बंगाल के रास्ते सबसे पहले पूर्णिया और किशनगंज जिलों में मानसून पहुंचता है और फिर धीरे-धीरे राज्य के बाकी हिस्सों में फैलता है।
कई जिलों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने 10 से 16 जून के बीच बिहार के कई जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और सुपौल में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इसके अलावा मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, चंपारण और सीतामढ़ी समेत कई जिलों में भी आंधी और बारिश के आसार हैं।
तापमान में गिरावट के आसार
बारिश के चलते उत्तर बिहार में अधिकतम तापमान 30 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं पटना, गया और दक्षिण बिहार के कुछ जिलों में तापमान 36 से 40 डिग्री तक रह सकता है, लेकिन बारिश के असर से गर्मी की तपिश कम महसूस होगी।
खेती-किसानी के लिए अहम समय
विशेषज्ञों के अनुसार यह दौर किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। मानसून की शुरुआत के साथ ही खेती-किसानी से जुड़े कामों में तेजी आने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि आंधी, बिजली और भारी बारिश के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें तथा पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें।
https://hindi.news18.com/news/bihar/patna-when-will-monsoon-arrive-in-bihar-know-the-date-heavy-rain-imd-prediction-local18-10559485.html