शाम ढलते ही अक्सर कुछ चटपटा और मसालेदार खाने की इच्छा जाग उठती है। बहुत से लोग ऐसे मौके पर बाहर से चाऊमीन मंगा लेते हैं, लेकिन बाजार के खाने में साफ-सफाई को लेकर मन में संदेह बना रहता है। ऐसे में अगर वही ठेले वाला स्वाद घर पर ही, वह भी झटपट और पूरी सफाई के साथ मिल जाए तो बात ही कुछ और है। यहां हम आपको घर पर आसानी से बनने वाली स्ट्रीट स्टाइल चाऊमीन की रेसिपी बता रहे हैं, जिसे कम समय में तैयार कर आप शाम की भूख और क्रेविंग दोनों मिटा सकते हैं।
बनाने के लिए जरूरी सामग्री
स्ट्रीट स्टाइल चाऊमीन तैयार करने के लिए आपको इन चीजों की आवश्यकता होगी—
- 1 पैकेट नूडल्स
- 1 प्याज (लंबा कटा हुआ)
- 1 शिमला मिर्च (पतली कटी हुई)
- 1 गाजर (लंबी कटी हुई)
- 1 कप पत्ता गोभी (पतली कटी हुई)
- 1-2 हरी मिर्च
- 1 चम्मच लहसुन बारीक कटा हुआ
- 1 चम्मच अदरक बारीक कटा हुआ
- 2 चम्मच तेल
- 1 चम्मच सोया सॉस
- 1 चम्मच रेड चिली सॉस
- 1 चम्मच टोमैटो सॉस
- थोड़ा सा सिरका
- स्वादानुसार नमक और काली मिर्च
बनाने का तरीका
सबसे पहले एक बर्तन में पानी उबालें और उसमें नूडल्स डाल दें। इसमें हल्का सा नमक और थोड़ा तेल मिलाकर नूडल्स को उबाल लें। इस बात का ध्यान रखें कि नूडल्स ज्यादा न गलें। उबल जाने के बाद इन्हें ठंडे पानी से धो लें, ताकि ये आपस में चिपकें नहीं।
इसके बाद एक कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें लहसुन, अदरक तथा हरी मिर्च डालकर हल्का भून लें। अब इसमें प्याज, गाजर, शिमला मिर्च और पत्ता गोभी डाल दें। सब्जियों को तेज आंच पर 2-3 मिनट तक चलाएं, जिससे उनका क्रंच बरकरार रहे।
तेज आंच क्यों जरूरी है
अब इसमें सोया सॉस, रेड चिली सॉस, टोमैटो सॉस, थोड़ा सिरका, नमक और काली मिर्च मिलाएं। इसके बाद उबले हुए नूडल्स डालकर तेज आंच पर अच्छी तरह मिक्स करें। ध्यान रहे कि पूरी प्रक्रिया के लिए बर्तन थोड़ा बड़ा लें और उसे चारों तरफ से तेल लगाकर ग्रीस कर लें। सब्जियों को तेज आंच पर ही भूनें, वरना वे गल जाएंगी। नूडल्स डालने के बाद भी इन्हें तेज आंच पर जल्दी-जल्दी चलाते रहें। मसाले और सॉस की मात्रा आप अपनी पसंद के अनुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं।
घर पर ही मिलेगा बाजार जैसा स्वाद
कुछ ही मिनटों में आपकी स्ट्रीट स्टाइल चाऊमीन बनकर तैयार हो जाएगी। इसका स्वाद बिल्कुल बाहर मिलने वाली चाऊमीन जैसा होगा, बस फर्क इतना रहेगा कि इसमें साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा गया होगा। चाहें तो ऊपर से हरा प्याज या चिली फ्लेक्स डालकर इसका स्वाद और बढ़ा सकते हैं।
झटपट भूख के लिए बेहतरीन विकल्प
अगर शाम के समय अचानक भूख लग जाए और कुछ चटपटा खाने का मन करे, तो यह स्ट्रीट स्टाइल चाऊमीन एक बढ़िया और आसान विकल्प साबित हो सकती है। कम समय में बनने वाली यह रेसिपी बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को खूब पसंद आती है। इसके लिए आप पहले से तैयारी भी कर सकते हैं—जैसे सब्जियां काटकर एयर टाइट डिब्बे में फ्रिज में रख लें और नूडल्स भी पहले से उबालकर रख लें। ऐसा करने पर बस इन्हें आपस में मिलाना भर होगा और पूरी रेसिपी 10 मिनट के भीतर बनकर तैयार हो जाएगी।
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-how-to-make-street-style-chow-mein-at-home-local18-ws-l-10559423.html