भारत में जन्मे खिलाड़ी की ऑस्ट्रेलियाई टीम में दस्तक, 62 साल बाद फिर बन सकता है अनोखा रिकॉर्ड?

दिल्ली में जन्मे ऑलराउंडर निखिल चौधरी को ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ T20I सीरीज के लिए चुना है। अगर वे मैदान पर उतरते हैं तो करीब 62 साल बाद कोई भारत में जन्मा पुरुष खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलता दिखेगा।

ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम इन दिनों बांग्लादेश के दौरे पर है और पहला मुकाबला गंवा चुकी है। अब उसका ध्यान दूसरे ODI में वापसी करने पर लगा है। इसी बीच टीम के T20I दस्ते में एक चर्चित खिलाड़ी की एंट्री हुई है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने निखिल चौधरी को बांग्लादेश के विरुद्ध होने वाली T20I सीरीज के लिए अपनी टीम में जगह दी है।

दिल्ली में जन्मे निखिल को मिला मौका

होबार्ट हरिकेन्स के ऑलराउंडर निखिल चौधरी 60 से अधिक वर्षों में ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने वाले भारत में जन्मे पहले पुरुष खिलाड़ी बनने की दहलीज पर हैं। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से भारतीय मूल के कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं, जिनमें गुरिंदर संधू और तनवीर संघा का नाम शामिल है, लेकिन 1960 के दशक के बाद से भारत में जन्मे किसी पुरुष क्रिकेटर ने राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व नहीं किया। ऐसा आखिरी बार करीब 62 साल पहले हुआ था, जब गुजरात में जन्मे लेग-स्पिनर रेक्स सेलर्स ने 1964 के कलकत्ता टेस्ट में हिस्सा लिया था। वहीं पुणे में जन्मीं और ऑस्ट्रेलियाई माता-पिता द्वारा गोद ली गईं लिसा स्थालेकर 2000 के दशक में ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम की स्टार रही थीं।

निखिल चौधरी इस समय बेल्जियम में EUT20 टूर्नामेंट में JB ब्रुजेस की ओर से खेल रहे हैं और हाल ही में IPL में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे। ऑस्ट्रेलियाई टीम की ओर से बुलावा मिलने के बाद वे अब 12 जून को ढाका में व्हाइट-बॉल टीम से जुड़ेंगे। मिडिल-ऑर्डर में स्थान पाने के लिए यह लेग-स्पिनिंग ऑलराउंडर जोएल डेविस और एरन हार्डी जैसे खिलाड़ियों को टक्कर देगा, जो केवल T20I स्क्वाड में शामिल किए गए हैं।

मार्श की T20I सीरीज में वापसी की उम्मीद

बांग्लादेश दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने स्टार खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी से जूझ रही है। ट्रैविस हेड निजी कारणों से टीम के साथ नहीं हैं, जबकि कप्तान मिचेल मार्श ODI सीरीज से बाहर हैं। हालांकि उन्हें भरोसा है कि टखने की चोट से उबरकर वे T20I टीम की कमान संभाल सकेंगे।

निखिल चौधरी भले ही ऑस्ट्रेलिया के नागरिक नहीं हैं, लेकिन वे वहां के स्थायी निवासी हैं और ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने को लेकर ICC की योग्यता शर्तों पर खरे उतरते हैं। दिल्ली में जन्मे चौधरी ने पंजाब टीम की ओर से हरभजन सिंह, शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ियों के साथ 14 लिमिटेड-ओवर मैच खेले और IPL टीम मुंबई इंडियंस के लिए ट्रायल भी दिया।

कोरोना काल में बदल गई जिंदगी

निखिल क्वींसलैंड में अपने एक अंकल से मिलने गए थे, तभी कोरोना महामारी के चलते ऑस्ट्रेलिया में फंस गए। इसके बाद उन्होंने अपने क्रिकेट के सपने को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। वहां उन्होंने कई तरह के काम किए और फिर नॉर्दर्न सबर्ब्स ग्रेड टीम के कोच एवं पूर्व इंटरनेशनल ऑलराउंडर जेम्स होप्स की सिफारिश पर उन्हें हरिकेन्स टीम में जगह मिली। होबार्ट को BBL14 का खिताब दिलाने में योगदान देने के बाद पिछले सीजन में बल्ले से उनका प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 30.70 की औसत और 153 के स्ट्राइक-रेट से 307 रन बनाए। अब निखिल इतिहास रचने से बस कुछ ही कदम की दूरी पर हैं।

https://www.indiatv.in/sports/cricket/nikhil-chaudhary-could-become-the-first-indian-born-to-play-for-australia-in-more-than-60-years-after-being-called-up-for-the-t20i-series-2026-06-11-1224391