खगड़िया में मकई छील रहे लोगों पर गिरा ठनका, झोपड़ी में शरण लेने वाले 3 की मौत

खगड़िया के पौड़ा थाना क्षेत्र के फुलवरिया बहियार में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। सभी लोग खेत में मकई का भुट्टा छील रहे थे और बारिश से बचने के लिए झोपड़ी में छिपे थे।

बिहार में मानसून की दस्तक के साथ मौसम का रुख लगातार खतरनाक होता जा रहा है। राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, भारी बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इसी बीच खगड़िया जिले में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए चौथम पीएचसी में भर्ती कराया गया है।

कैसे हुआ हादसा

यह हादसा खगड़िया जिले के पौड़ा थाना क्षेत्र के फुलवरिया बहियार में हुआ। जानकारी के अनुसार, छह लोग खेत में बैठकर मकई का भुट्टा छील रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी लोग खेत में बनी एक झोपड़ी में जाकर छिप गए। तभी झोपड़ी पर ठनका गिर गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

इस हादसे में एक पिता, उसके पुत्र और एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल पसरा हुआ है।

मौसम विभाग का हाई अलर्ट

मौसम विभाग ने गुरुवार को बिहार के सभी 38 जिलों में तेज आंधी, भारी बारिश और वज्रपात को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बिहार आपदा प्रबंधन विभाग ने भी कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सुबह 11 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।

पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, भागलपुर, कटिहार, मधुबनी, सहरसा, समस्तीपुर और वैशाली समेत कई जिलों में ठनका गिरने और तेज गर्जन के साथ भारी बारिश की आशंका जताई गई है। वहीं पटना सहित 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी कर मौसम पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

प्रशासन की अपील

खगड़िया की यह घटना मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की जरूरत को दर्शाती है। प्रशासन ने लोगों, खासकर किसानों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़ों और अस्थायी झोपड़ियों में शरण न लेने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

https://hindi.news18.com/news/bihar/khagaria-lightning-strikes-farmers-husking-corn-in-khagaria-three-people-dead-who-had-taken-shelter-in-hut-to-rain-ws-e-10559255.html