नई दिल्लीः पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस को गुरुवार को उस समय एक और झटका लगा, जब उसके राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बराइक ने उच्च सदन से इस्तीफा दे दिया। सुखेंदु शेखर रॉय और सुष्मिता देव के बाद बराइक पार्टी के तीसरे ऐसे सांसद हैं जिन्होंने अपना पद छोड़ा है। उनके इस्तीफे के बाद राज्यसभा में टीएमसी के सांसदों की कुल संख्या घटकर 10 रह जाएगी।
सूत्रों की मानें तो आने वाले हफ्ते के भीतर टीएमसी के तीन और राज्यसभा सांसद इस्तीफा दे सकते हैं। ऐसा होने पर ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी के सामने खड़ा संकट और गहरा सकता है।
विधायक दल में असंतोष की पृष्ठभूमि
यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब पश्चिम बंगाल में टीएमसी के विधायक दल के भीतर बगावत के सुर तेज हैं। रिपोर्टों के अनुसार, पार्टी के 58 विधायकों ने शीर्ष नेतृत्व के निर्देश को दरकिनार करते हुए नेता प्रतिपक्ष के पद के लिए ऋतब्रता बनर्जी का समर्थन किया। इस दौरान विधायकों ने पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार शोभनदेव चट्टोपाध्याय को नकार दिया।
इस्तीफे में क्या लिखा
राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन को लिखे अपने पत्र में प्रकाश चिक बराइक ने कहा कि वह राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देते हैं, जिसे तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया जाए।
उन्होंने आगे लिखा, 'राज्यसभा के सदस्य के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान मिली सभी मदद और सहयोग के लिए मैं आपके, उप-सभापति और राज्यसभा सचिवालय के सभी अधिकारियों के प्रति अपना हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ।'
https://www.indiatv.in/india/politics/tmc-mp-prakash-baraik-resigns-as-rajya-sabha-mp-third-such-jolt-to-mamata-in-just-week-2026-06-11-1224385