गूगल रिव्यू टास्क का झांसा देकर भोपाल के युवक से 4.73 लाख की ठगी, छोटे मुनाफे से जीता भरोसा

भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में एक युवक को ऑनलाइन टास्क और गूगल रिव्यू के नाम पर 4.73 लाख रुपए की चपत लगी। शुरुआत में छोटे निवेश पर मुनाफा देकर भरोसा जीता गया, फिर बड़ी रकम हड़प ली गई।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में ऑनलाइन टास्क के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक से 4.73 लाख रुपए ऐंठ लिए गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैसे शुरू हुआ पूरा खेल

बगरौदा निवासी 29 वर्षीय आशीष कुर्मी के पास 6 मार्च 2026 को व्हाट्सएप पर एक संदेश आया। मैसेज भेजने वाली महिला ने खुद को डेंट्स वेब चैटनी प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा होना बताया और गूगल रिव्यू देने के बदले रोजाना 5 से 7 हजार रुपए कमाने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद आशीष को एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया।

छोटे निवेश पर मुनाफा देकर जीता भरोसा

शुरुआत में आशीष को छोटे-छोटे टास्क सौंपे गए। जब उसने 1 हजार और 5 हजार रुपए लगाए, तो उसे थोड़े मुनाफे के साथ रकम वापस लौटा दी गई। इसी से उसका भरोसा पक्का हो गया और वह आरोपियों के जाल में फंसता चला गया।

अलग-अलग खातों में जमा कराई गई बड़ी रकम

भरोसा बनने के बाद ठगों ने धीरे-धीरे ज्यादा रकम लगवानी शुरू कर दी। आशीष ने 7 हजार, 27 हजार, 75 हजार, 1.20 लाख और फिर 2 लाख रुपए तक अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। हर बार उससे यही कहा गया कि पूरी रकम एक साथ वापस मिलेगी।

नए-नए बहानों से वसूली

जब बड़ी रकम फंस गई, तो आरोपियों ने “मिस्टेक रिफंड” और “क्रेडिट स्कोर रिकवरी” जैसे नए बहाने गढ़कर और पैसे जमा कराने की मांग की। अपनी फंसी हुई रकम वापस पाने की उम्मीद में आशीष ने 2 लाख रुपए का पर्सनल लोन तक ले लिया, लेकिन इसके बावजूद न तो कोई रिफंड मिला और न ही निवेश की गई राशि लौटी।

मुंबई का पता निकला फर्जी

बाद में जांच में पता चला कि आरोपियों ने जिस मुंबई स्थित कंपनी का पता दिया था, वह भी फर्जी निकला।

पुलिस की अपील

पुलिस के मुताबिक यह साइबर ठगी का मामला है, जिसमें पहले छोटे मुनाफे का लालच देकर भरोसा कायम किया जाता है और फिर बड़े निवेश के नाम पर रकम हड़प ली जाती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे ऑनलाइन टास्क और कमाई के झांसे में न आएं तथा किसी भी अनजान लिंक या ग्रुप पर भरोसा न करें।

https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/bhopal-mp-katara-hills-ashish-kurmi-case-online-google-review-task-scam-4-73-lakh-fraud-10559013.html