मेरठ में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरी हुई। इस बार शासन की ओर से परीक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई और प्रशासन की टीमें परीक्षा केंद्रों पर औचक निरीक्षण के लिए मौजूद रहीं। केंद्रों में प्रवेश के दौरान भी काफी सख्ती देखने को मिली। दूसरी पाली खत्म होने के बाद परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों से बातचीत में कई दिलचस्प बातें सामने आईं।
पिछली बार से आसान रहा प्रश्नपत्र
मथुरा जिले के रहने वाले अभ्यर्थी नरेंद्र सैनी ने बताया कि पहले हुई परीक्षा की तुलना में इस बार का पेपर काफी आसान रहा। उन्हें उम्मीद है कि इस बार उनका चयन हो जाएगा, क्योंकि पिछली परीक्षा में वे बहुत कम अंकों से चूक गए थे। उन्होंने यह भी बताया कि इस बार सभी परीक्षा केंद्रों के साथ-साथ आसपास के स्थानों पर भी कड़ी निगरानी रखी गई और प्रवेश से लेकर केंद्र के भीतर तक टीमों ने औचक जांच की।
GS सेक्शन ने उड़ाए होश
अभ्यर्थी शिवम यादव का कहना था कि कुल मिलाकर पेपर बेहतरीन रहा, लेकिन सामान्य अध्ययन यानी GS का हिस्सा काफी कठिन साबित हुआ। उन्होंने बताया कि पिछली बार भी परीक्षा देने का अनुभव होने के कारण इस बार उनका पेपर अच्छा गया है और उन्हें पूरा भरोसा है कि उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती होने का उनका सपना साकार होगा।
इसी तरह आकाश नामक अभ्यर्थी ने भी माना कि इस बार GS का प्रश्नपत्र काफी मुश्किल रहा।
परीक्षा में पूछे गए अहम सवाल
अलीगढ़ से आए युवा अभ्यर्थी हरिओम ने बताया कि परीक्षा में कई महत्वपूर्ण और विविध प्रकार के सवाल पूछे गए। इनमें प्रमुख रहे—
- भारत का विकसित भारत दृष्टिकोण किस वर्ष तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखता है
- निम्नलिखित में से किस निकाय का इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंट्स ऑफ इंडिया पर प्रशासनिक नियंत्रण है
- प्राचीन ग्रंथ अष्टाध्यायी के रचनाकार कौन थे
- बक्सर का युद्ध किस वर्ष लड़ा गया था
- ब्लू नाइल नदी किस झील से निकलती है
- पाकिस्तान निम्नलिखित में से किस भारतीय राज्य के साथ अपनी सीमा साझा करता है
सुरक्षा से संतुष्ट दिखे अभ्यर्थी
मेरठ के सभी परीक्षा केंद्रों पर शासन-प्रशासन की कड़ी निगरानी बनी रही, जिससे परीक्षा में शामिल युवा भी काफी संतुष्ट नजर आए। अधिकांश अभ्यर्थियों ने इस पेपर को संतुलित लेकिन ट्रिकी बताया और अच्छे परिणाम की उम्मीद जताई।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/meerut-candidates-react-after-up-police-exam-in-meerut-say-gs-was-tough-local18-10558679.html