हेयर ग्रोथ नुस्खा: नए बाल उगाने में मददगार है ये घरेलू सीरम, जानिए घर पर बनाने का आसान तरीका

रांची की ब्यूटी एक्सपर्ट संगीता के मुताबिक प्याज, मेथी, एलोवेरा और कड़ी पत्ता से तैयार घरेलू हेयर सीरम बाल झड़ने, सफेद बाल और रूखेपन में कारगर है। हफ्ते में सिर्फ दो दिन इस्तेमाल कर घने और चमकदार बाल पाए जा सकते हैं।

बालों को सिल्की बनाने और नए बाल उगाने के लिए घरेलू नुस्खे हमेशा से लोगों की पहली पसंद रहे हैं। झारखंड की राजधानी रांची में कई लोग आज भी अपने घरों में प्याज के रस का इस्तेमाल इसी मकसद से करते हैं। इसमें थोड़ा सा एलोवेरा, मेथी का पानी और कुछ कड़ी पत्ता मिलाकर एक प्राकृतिक हेयर सीरम तैयार किया जाता है, जो बालों की कई समस्याओं में राहत देने का दावा करता है।

क्यों खास है यह प्राकृतिक सीरम

रांची की ब्यूटी एक्सपर्ट संगीता बताती हैं कि प्याज का रस बालों के लिए किसी रामबाण से कम नहीं है। उनके अनुसार जिन लोगों के बाल बहुत कम उम्र में सफेद हो चुके हैं या झड़ चुके हैं, उनके लिए यह नुस्खा बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। उनका कहना है कि नियमित इस्तेमाल से चमत्कारिक नतीजे देखने को मिल सकते हैं और सिर में घने बाल उगने लगते हैं। इसके लिए हफ्ते में सिर्फ दो दिन इस सीरम का प्रयोग करना होता है।

घर पर ऐसे बनाएं हेयर सीरम

सबसे पहले मेथी लें और उसे रातभर पानी में भिगोकर फूलने के लिए छोड़ दें। सुबह तक उसका पानी पूरी तरह ब्राउन हो जाएगा। इस पानी का इस्तेमाल करें और चाहें तो मेथी को पीसकर भी इसमें मिला सकते हैं, इससे कोई परेशानी नहीं होती।

इसके बाद एक प्याज लेकर उसे कद्दूकस कर लें और उसका रस अच्छी तरह निकाल लें। अब मेथी के पानी और प्याज के रस को आपस में अच्छी तरह मिला लें।

जब दोनों चीजें मिल जाएं तो इसमें थोड़ा सा एलोवेरा डाल दें। अगर आपके पास कड़ी पत्ता का पानी मौजूद है तो उसे भी मिला लें। हालांकि यह वैकल्पिक है, इसलिए न होने पर भी सीरम की असरदार क्षमता पर कोई खास फर्क नहीं पड़ता। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर रख लें। अगर आपके पास हेयर स्प्रे वाली बोतल है तो इस मिश्रण को उसमें भर लेना और भी सुविधाजनक रहेगा।

नहाने से एक घंटा पहले करें इस्तेमाल

इस तैयार सीरम को हफ्ते में दो से तीन दिन नहाने से पहले बालों में स्प्रे करें। ध्यान रहे कि नहाने से कम से कम एक घंटा पहले इसका छिड़काव करना है और एक घंटे बाद बालों को सादे पानी से धो लेना है।

इस दौरान शैंपू बिल्कुल न करें। शैंपू अगले दिन किया जा सकता है। संगीता के मुताबिक अगर इस प्रक्रिया को हफ्ते में दो से तीन बार दोहराया जाए, तो कुछ ही समय में बाल सिल्की, स्मूथ और शाइनी नजर आने लगते हैं।

https://hindi.news18.com/news/lifestyle/tips-and-tricks-make-natural-hair-serum-with-onion-juice-for-silky-and-thick-hair-local18-ws-l-10534878.html