मणिपुर में नागा समुदाय के 6 शव बरामद, इंफाल में फिर भड़की हिंसा, पुलिस को छोड़ने पड़े आंसू गैस के गोले

इंफाल में नागा समुदाय के 6 लोगों के शव सेनापति जिले से बरामद होने के बाद हिंसक प्रदर्शन भड़क उठे, जिन्हें काबू करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने इन हत्याओं की कड़ी निंदा की है।

मणिपुर की राजधानी इंफाल एक बार फिर हिंसा की चपेट में आ गई। बीती रात शहर में उग्र प्रदर्शन देखने को मिले, जो नागा समुदाय के 6 लोगों के शव मिलने के बाद शुरू हुए। जैसे ही मणिपुर पुलिस ने इन 6 शवों के बरामद होने की जानकारी सार्वजनिक की, लोगों में आक्रोश फैल गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

भीड़ को काबू करने के लिए दागे गए आंसू गैस के गोले

बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल के बाहर एकत्र हो गए और जोरदार नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने वहां लगे बैरिकेड्स भी गिरा दिए। हालात बिगड़ते देख पुलिस को भीड़ पर नियंत्रण पाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इसी दौरान कई जगहों पर आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं।

एक दिन पहले रिहा हुए थे 14 कुकी

गौरतलब है कि 13 मई को सशस्त्र समूहों ने कुल 20 लोगों को बंधक बना लिया था, जिनमें 14 कुकी और 6 नागा समुदाय के लोग शामिल थे। इस घटना से एक दिन पहले इनमें से 14 कुकियों को छोड़ दिया गया था।

सेनापति जिले से मिले छह शव

हालांकि बीते दिन दोपहर के समय बंधक बनाए गए नागा समुदाय के 6 लोगों के शव सेनापति जिले से बरामद हुए। इसके बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और देर रात तक अस्पताल के बाहर सुरक्षाकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच तनातनी चलती रही।

राज्य के सीएम ने जताई कड़ी प्रतिक्रिया

नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) के अध्यक्ष और मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने बुधवार को मणिपुर में नगा समुदाय के 6 लोगों की हत्या की घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने मांग की कि इस जघन्य वारदात के दोषियों को न्याय के कटघरे में लाकर सख्त सजा दी जानी चाहिए। अपने बयान में संगमा ने इन हत्याओं को बेहद दुखद और पूरी तरह अस्वीकार्य करार दिया और पीड़ित परिवारों के साथ एकजुटता प्रकट की।

मैं नगा समुदाय के 6 लोगों की निर्मम हत्या की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। हिंसा का यह कृत्य बेहद दुखद और पूरी तरह से अस्वीकार्य है।

सुलह की कोशिशों के बीच हुई वारदात

मणिपुर पुलिस ने बुधवार को जानकारी दी कि उन्हें 6 लोगों के शव बरामद हुए हैं, जिन्हें लापता नगा पुरुष बताया जा रहा है। इन सभी को कांगपोकपी जिले में सशस्त्र समूहों ने बंधक बनाकर रखा था। एनपीपी अध्यक्ष ने कहा कि यह घटना इसलिए और भी पीड़ादायक है क्योंकि यूनाइटेड नगा काउंसिल (UNC) द्वारा संवाद और सुलह का माहौल तैयार करने के प्रयासों के बावजूद यह वारदात हुई।

निर्दोषों की हत्या किसी भी तरह जायज नहीं

शोक में डूबे परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए संगमा ने कहा कि निर्दोष नागरिकों की हत्या को किसी भी आधार पर उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा, 'इस कठिन समय में मैं सभी संबंधित पक्षों से संयम बरतने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह करता हूं कि दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाए।'

https://www.indiatv.in/india/national/manipur-violence-protests-recovery-bodies-6-members-of-naga-community-police-fire-tear-gas-shells-2026-06-11-1224338