राजधानी दिल्ली और आसपास के एनसीआर क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए अगले तीन दिन मुश्किल भरे साबित हो सकते हैं। इस अवधि में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आंधी, तेज हवाओं, बिजली कड़कने और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से पर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से 11 से 13 जून के बीच मौसम में बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है।
आईएमडी के मुताबिक 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही तेज होगी और कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम बारिश की आशंका है। बुधवार रात से ही मौसम में बदलाव शुरू हो चुका है।
आज ओरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 11 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। हवा के झोंकों की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं, 12 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का अनुमान है कि इस दिन लोगों को आंधी-तूफान का सामना करना पड़ सकता है।
गर्मी से मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं आएगा, लेकिन इसके बाद 12 जून तक तापमान में 6 से 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। न्यूनतम तापमान पहले 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है, मगर 13 जून तक इसमें 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की कमी आने का अनुमान है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
तूफान ने 25 साल का रिकॉर्ड छुआ
पूसा में देर रात 128 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा का सबसे तेज झोंका दर्ज किया गया, जबकि पालम में हवा की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। पालम में यह आंकड़ा पिछले 25 वर्षों के रिकॉर्ड की बराबरी करने वाला रहा। इस दौरान लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
13 जून तक सुहावना रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 13 जून तक मौसम सुहावना बना रह सकता है। हालांकि आंधी, बिजली और तेज हवाओं के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नजदीक खड़े होने से बचने की भी हिदायत दी गई है।
https://hindi.news18.com/news/delhi/aaj-ka-mausam-todays-weather-delhi-ncr-india-meteorological-department-imd-orange-alert-for-storm-and-rain-in-10558585.html