सिनेमाघरों में रिलीज हुए 'बंदर' को 6 दिन बीत चुके हैं, लेकिन फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में अब तक कोई बड़ा उछाल नहीं आया है। दर्शक अनुराग कश्यप और बॉबी देओल की पहली जोड़ी को परदे पर देखने का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। अपनी बेबाक और दमदार फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले इस निर्देशक ने 'बंदर' में बॉबी देओल को एकदम नए रूप में पेश किया है। यह फिल्म बीते शुक्रवार को सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। रिलीज के वक्त समीक्षकों और दर्शकों दोनों की ओर से इसे सराहना मिली, लेकिन इसके बावजूद अनुराग कश्यप की यह निर्देशित फिल्म बॉक्स ऑफिस पर वैसी सफलता नहीं बटोर सकी, जिसकी उम्मीद की जा रही थी।
बॉक्स ऑफिस पर ठंडा रहा 'बंदर' का प्रदर्शन
पहले हफ्ते के बीच पहुंचते-पहुंचते भी 'बंदर' की कमाई में कोई इजाफा देखने को नहीं मिला। आइए जानते हैं कि फिल्म ने अब तक बॉक्स ऑफिस पर कैसा सफर तय किया है। सैकनिल्क की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, 'बंदर' ने रिलीज के छठे दिन हिंदी में महज 10 लाख रुपये की कमाई की, जबकि बाकी भाषाओं को मिलाकर इसका कुल कलेक्शन 25 लाख रुपये रहा। यह फिल्म की अब तक की एक दिन की सबसे कम कमाई है। फिल्म ने 50 लाख रुपये के साथ शुरुआत की थी, शनिवार को इसमें थोड़ी बढ़त दिखी और इसने 95 लाख रुपये जुटाए। वहीं रविवार को हुई 1 करोड़ रुपये की कमाई अब तक की सबसे बड़ी एक दिन की कमाई रही। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 4.05 करोड़ रुपये और कुल नेट कलेक्शन 3.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
क्या है 'बंदर' की कहानी?
यह फिल्म एक मशहूर अभिनेता से जुड़ी असल जिंदगी की घटना पर आधारित है और इसकी कहानी समर नाम के एक सिंगर-एक्टर के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका करियर ढलान की ओर है। उसकी जिंदगी में उस वक्त बड़ा मोड़ आता है, जब गायत्री नाम की एक महिला उस पर रेप का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराती है और उसे अचानक गिरफ्तार कर लिया जाता है। जैसे-जैसे मामला आगे बढ़ता है, उसकी निजी जिंदगी बिखरने लगती है और वह एक ऐसे सिस्टम के जाल में उलझ जाता है, जो मानो पहले ही अपना फैसला सुना चुका है।
https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/bandar-box-office-collection-day-6-anurag-kashyap-bobby-deol-film-earn-only-10-lakh-2026-06-10-1224331