परम एकादशी उपाय: अधिक मास में आने वाली परम एकादशी का व्रत बेहद शुभ और पुण्य फल देने वाला माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन विधिपूर्वक भगवान विष्णु की आराधना और व्रत करने से भक्तों पर नारायण की विशेष कृपा बरसती है। इसके साथ ही कुछ विशेष उपाय अपनाने से व्यक्ति का सोया हुआ भाग्य जाग उठता है। आइए जानते हैं परम एकादशी के दिन कौन-कौन से उपाय करने चाहिए।
तुलसी के समीप दीपक जलाएं
तुलसी भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय हैं। इसलिए परम एकादशी की शाम तुलसी के पौधे के पास घी का दीपक प्रज्वलित करें और 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप करें। ध्यान रहे कि इस दिन तुलसी के पत्ते नहीं तोड़ने चाहिए, क्योंकि एकादशी पर तुलसी तोड़ना वर्जित माना गया है।
दान का विशेष महत्व
परम एकादशी पर दान करने का खास महत्व बताया गया है। इस दिन पीले वस्त्र, पीले फल और पीली मिठाई के साथ-साथ चना दाल और गुड़ का दान करें। ऐसा करने से व्यक्ति के धन-धान्य में बरकत बनी रहती है।
पीपल वृक्ष की पूजा
एकादशी के दिन सूर्यास्त के बाद शाम के समय पीपल वृक्ष के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाएं। इससे भगवान विष्णु की कृपा के साथ पितरों का आशीर्वाद भी प्राप्त होता है और पितृ दोष से मुक्ति मिलती है।
खीर का भोग
एकादशी के दिन चावल का सेवन वर्जित होता है, इसलिए भगवान विष्णु को मखाने की खीर का भोग अर्पित करें। मान्यता है कि ऐसा करने से नौकरी और व्यवसाय दोनों में तरक्की मिलती है। भोग में तुलसी दल अवश्य शामिल करें।
पीली कौड़ियों का उपाय
परम एकादशी के दिन पूजा के समय भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी के चरणों में 5 या 11 पीली कौड़ियां अर्पित करें। पूजा संपन्न होने के बाद इन कौड़ियों को एक लाल कपड़े में बांधकर अपनी तिजोरी या धन रखने के स्थान पर रख दें। इस उपाय से आर्थिक तंगी से जल्द ही छुटकारा मिलने की मान्यता है।
कपूर और लौंग का उपाय
एकादशी की रात चांदी या मिट्टी के पात्र में थोड़ा सा कपूर और 2 लौंग रखकर जलाएं। इसके धुएं को पूरे घर में दिखाने के बाद इस पात्र को घर के मुख्य द्वार के बाहर रख दें। माना जाता है कि इस उपाय से घर की समस्त नकारात्मक शक्तियां दूर हो जाती हैं और चारों ओर सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
https://www.indiatv.in/religion/news-parama-ekadashi-2026-upay-3-saal-me-ek-bar-aata-hai-param-ekadashi-jarur-kare-ye-upay-dhan-dhanya-ka-milega-sukh-2026-06-10-1224334