ओमान तट के पास एक विशाल तेल टैंकर पर अचानक हुए भीषण हमले की जिम्मेदारी अब अमेरिका ने स्वीकार कर ली है। अमेरिका ने माना है कि यह कार्रवाई उसकी सेना ने की थी। मर्चेंट नेवी के इस जहाज एमटी सेट्टेबेलो पर भारतीय क्रू सदस्य भी सवार थे।
सेंट्रल कमांड ने दी पूरी जानकारी
यूएस सेंट्रल कमांड ने बताया है कि ईरान से तेल ले जाने पर लगाई गई नाकेबंदी को तोड़ने की कोशिश के दौरान अमेरिकी सेना ने लगातार दूसरे दिन एक तेल टैंकर को रोककर उसे निष्क्रिय कर दिया। यह घटना 9 जून को रात करीब 11:14 बजे ओमान की खाड़ी में हुई।
अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड के अनुसार, पलाऊ देश के झंडे वाले एम/टी सेटेबेलो नामक जहाज को उस वक्त रोका गया, जब वह ओमान की खाड़ी से होकर गुजर रहा था। अमेरिकी सैनिकों ने जहाज के कर्मचारियों को बार-बार रुकने और निर्देशों का पालन करने को कहा, लेकिन जब वे नहीं माने तो अमेरिकी विमान ने जहाज के इंजन रूम पर सटीक निशाना साधकर बमबारी कर दी, ताकि जहाज आगे न बढ़ सके।
भारत ने तलब किया अमेरिकी राजदूत को
ओमान तट के पास हुए इस हमले के पीछे जब अमेरिकी कनेक्शन सामने आया, तो भारत सरकार ने तत्काल कदम उठाया। दिल्ली में तैनात अमेरिकी राजदूत को सम्मन भेजकर तलब किया गया। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर उस समय भारत में मौजूद नहीं थे, इसलिए सरकार ने तुरंत उनके कार्यवाहक राजदूत जेसन मीक्स को बुलाया।
13 अप्रैल से जारी है नाकेबंदी
अमेरिकी सेना ने इस पूरे इलाके में 13 अप्रैल से नाकेबंदी कर रखी है। तब से अब तक सेना ने निर्देश न मानने वाले 8 जहाजों को इसी तरह बेकार कर दिया है, जबकि बात मानने वाले 134 जहाजों का रास्ता बदल दिया गया है। वहीं, राहत सामग्री ले जा रहे 42 जहाजों को सेना ने बिना किसी रोक-टोक के जाने दिया।
हमले के बाद से लापता हैं 3 भारतीय
इस तेल टैंकर पर मौजूद चालक दल के 3 भारतीय नागरिक हमले के बाद से लापता हैं। शुरुआती रिपोर्ट्स में दो लोगों के लापता होने की बात कही गई थी और उनकी राष्ट्रीयता स्पष्ट नहीं थी, लेकिन अब यह पुष्टि हो चुकी है कि 3 भारतीय क्रू मेंबर्स का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
समंदर की लहरों के बीच वे कहां और किस हाल में हैं, इसे लेकर आशंका और डर लगातार बढ़ता जा रहा है। ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने भी पुष्टि की है कि वह स्थानीय अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क में है और लापता भारतीयों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
https://hindi.news18.com/world/america-america-admitted-attack-mt-settebello-tanker-near-oman-3-indians-crew-member-10558404.html