ट्रंप की ईरान को सीधी चेतावनी: 'और भी तीखे हमले करेंगे', बयान से वैश्विक हलचल

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर हमले जारी रखने और पहले से ज्यादा सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। यह बयान ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अमेरिकी सैन्य हेलीकॉप्टर गिराए जाने के दावे के बाद आया है।

वॉशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच टकराव एक बार फिर बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दो-टूक कहा है कि अमेरिका ईरान के खिलाफ अपने हमले रोकेगा नहीं, बल्कि पहले की तुलना में और अधिक कठोरता से जवाब देगा। उनका यह बयान ऐसे वक्त सामने आया है, जब ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य के नजदीक एक अमेरिकी सैन्य हेलीकॉप्टर को मार गिराने का दावा किया है। व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने कहा, 'हम ईरान पर हमला करेंगे और बहुत जोरदार तरीके से हमला करेंगे।'

'कार्रवाई करने का हमें पूरा हक है'

ट्रंप का कहना है कि ईरान द्वारा अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर को गिराया जाना अमेरिका की सैन्य कार्रवाई के लिए काफी बड़ी वजह है। उन्होंने कहा, 'हेलीकॉप्टर की घटना के बाद मुझे लगता है कि हमें कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है।' राष्ट्रपति ने यह भी बताया कि अमेरिका पहले ही ईरान को निशाना बना चुका है और आगे भी सैन्य अभियान जारी रहेगा। ट्रंप ने कहा, 'हमने उन्हें कल जोरदार तरीके से निशाना बनाया था। आज भी हम कड़ी कार्रवाई करेंगे।'

परमाणु समझौते को लेकर भी बढ़ाया दबाव

सैन्य तनाव के बीच ट्रंप ने यह दावा भी किया कि अमेरिका और ईरान के बीच होने वाले समझौते का मसौदा पूरी तरह तैयार हो चुका है और अब सिर्फ ईरान के हस्ताक्षर का इंतजार है। उन्होंने कहा, 'समझौता पूरी तरह तैयार है। उन्हें सिर्फ दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने हैं। हम कई महीनों से ईरान के साथ काम कर रहे हैं। यह एक अच्छा समझौता है।' ट्रंप ने इस बात पर भी जोर दिया कि यह समझौता ईरान को परमाणु हथियार बनाने की कोई छूट नहीं देता, बल्कि उसे भविष्य में कभी भी परमाणु हथियार हासिल करने से पूरी तरह रोक देता है।

ईरान का तेल निर्यात भी निशाने पर

ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका हर रात ईरान के 'लाखों बैरल तेल' को बाजार से बाहर कर रहा है। उनके मुताबिक इस अभियान की जानकारी अब तक सार्वजनिक नहीं की गई थी। ट्रंप ने कहा, 'अब मैं आपको बता सकता हूं क्योंकि उन्होंने भी इसका पता लगा लिया है। इसे गुप्त रखना मेरे लिए बहुत मुश्किल था। जब यह सब खत्म होगा तो तेल की कीमतें पहले के स्तर पर आ जाएंगी।' गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच लगातार बढ़ते सैन्य हमलों ने पूरे पश्चिम एशिया में तनाव को कई गुना बढ़ा दिया है।

https://www.indiatv.in/world/us/we-will-hit-iran-very-hard-trump-issues-strong-warning-amid-escalating-us-iran-tensions-2026-06-10-1224330