भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर अपने नए अंदाज की वजह से सुर्खियों में हैं। हाल ही में सामने आया उनका नया हेयरकट और हेयर कलर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। इस बदलाव के पीछे मशहूर सेलिब्रिटी हेयरस्टाइलिस्ट राशिद सलमानी का हाथ बताया जा रहा है, जिन्होंने सिर्फ कट ही नहीं, बल्कि कलर को भी बिल्कुल नया रूप दिया है।
राशिद ने विराट की तस्वीर साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, “King Kohli, now in pastels.” इसके बाद से प्रशंसक उनके नए अवतार की जमकर सराहना कर रहे हैं। पेस्टल टोन में तैयार किया गया यह लुक उनके पुराने स्टाइल से काफी हटकर नजर आ रहा है और सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इसकी तुलना अंग्रेजों से कर रहे हैं।
अनुष्का शर्मा का हेयर ट्रांसफॉर्मेशन भी कर चुके हैं राशिद
राशिद सलमानी सिर्फ विराट कोहली ही नहीं, बल्कि अनुष्का शर्मा के हेयर ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। उन्होंने अनुष्का के हेयर कलर और हेयरस्टाइल को नया लुक दिया था, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं। बदले हुए कलर के साथ अनुष्का का अंदाज लोगों को बेहद पसंद आया था।
कौन हैं राशिद सलमानी?
राशिद सलमानी भारत के सबसे चर्चित सेलिब्रिटी हेयरस्टाइलिस्ट्स में गिने जाते हैं। अपने करियर में उन्होंने कई बड़े क्रिकेटर्स और सेलिब्रिटीज के साथ काम किया है। उनके क्लाइंट्स की सूची में हार्दिक पांड्या, शुभमन गिल, ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर और फाफ डु प्लेसिस जैसे नाम शामिल बताए जाते हैं।
हेयरस्टाइलिंग की दुनिया में उनकी पहचान यूनिक हेयरकट, ट्रेंडी कलरिंग और बड़े ट्रांसफॉर्मेशन के लिए है। यही वजह है कि सेलिब्रिटी जगत में उनकी मांग लगातार बढ़ती जा रही है।
कहां स्थित हैं राशिद सलमानी के सैलून?
रिपोर्ट्स के अनुसार, राशिद सलमानी का प्रमुख सैलून Studio 17 दिल्ली के अशोक विहार इलाके में स्थित है। इसके अलावा गुरुग्राम में भी उनका एक सैलून है। यहां आमतौर पर सेलिब्रिटीज, क्रिकेटर्स, इन्फ्लुएंसर्स और हाई-प्रोफाइल क्लाइंट्स आते-जाते रहते हैं, जिसके चलते उनका सैलून अक्सर चर्चा में बना रहता है।
एक हेयरकट के लिए कितना लेते हैं चार्ज?
राशिद सलमानी की फीस को लेकर लोगों में हमेशा उत्सुकता बनी रहती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके हेयरकट और स्टाइलिंग चार्ज सामान्य सैलून की तुलना में काफी ज्यादा हैं। अलग-अलग सर्विस के आधार पर उनके चार्ज हजारों रुपये से शुरू होकर कई बार 20 से 30 हजार रुपये या उससे अधिक तक पहुंच सकते हैं। हालांकि वास्तविक कीमत चुनी गई सर्विस और ट्रांसफॉर्मेशन पर निर्भर करती है।
इतने मशहूर कैसे हुए?
राशिद सलमानी की लोकप्रियता की सबसे बड़ी वजह उनका अलग स्टाइल और सेलिब्रिटी ट्रांसफॉर्मेशन है। सोशल मीडिया पर उनके किए हेयर मेकओवर वीडियो लाखों बार देखे जाते हैं। विराट कोहली जैसे बड़े सितारों के साथ लंबे समय से जुड़ाव ने भी उनकी पहचान को नई ऊंचाई दी है। आज वे भारत के उन चुनिंदा हेयरस्टाइलिस्ट्स में शामिल हैं, जिनके बनाए ट्रेंड्स को लाखों लोग फॉलो करते हैं।
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/fashion-virat-kohli-new-hair-look-rashid-salmani-hair-transformation-know-charges-10558025.html