रणवीर सिंह और 'डॉन 3' को लेकर चल रहा विवाद इन दिनों फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा का सबसे बड़ा मुद्दा बना हुआ है। फिल्म छोड़ने के फैसले के बाद से ही अभिनेता लगातार सुर्खियों में हैं। इसी बीच उन पर 45 करोड़ रुपये की मांग किए जाने की रिपोर्ट्स सामने आईं, जिसके बाद अब सिंगर एमी विर्क ने रणवीर का खुलकर समर्थन किया है।
अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' के बाद रणवीर सिंह की डिमांड काफी बढ़ी हुई है। दूसरी ओर 'डॉन 3' को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले ही रणवीर ने इसे छोड़ दिया, जिसके बाद प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट ने उन पर 45 करोड़ रुपये के नुकसान का दावा ठोक दिया। इस पूरे प्रकरण पर एमी विर्क ने न केवल रणवीर का साथ दिया, बल्कि 'डॉन 3' के मेकर्स पर भी निशाना साधा।
रणवीर के पक्ष में खड़े हुए एमी विर्क
लंबे समय से 'डॉन 3' विवाद को लेकर चर्चा में रहे रणवीर सिंह के समर्थन में अब अभिनेता और गायक एमी विर्क सामने आए हैं। एमी का कहना है कि आज रणवीर से जवाब-तलब किया जा रहा है, जबकि जब उनका करियर कठिन दौर से गुजर रहा था, तब किसी ने उनका साथ नहीं दिया।
एक हालिया इंटरव्यू में एमी ने कहा कि अगर मेकर्स को रणवीर पर इतना ही भरोसा था, तो उन्हें 'डॉन 3' उसी समय शुरू कर देनी चाहिए थी, जब उनकी फिल्में फ्लॉप हो रही थीं। उनके मुताबिक, अब जब 'धुरंधर' को शानदार कामयाबी मिल चुकी है, तो अचानक पैसों की मांग करना समझ से परे है।
45 करोड़ की मांग पर उठाए सवाल
45 करोड़ रुपये की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए एमी विर्क ने कहा कि अगर कोई छोटा-मोटा हिसाब बाकी रह गया है तो उसे आपसी बातचीत से सुलझाया जा सकता है, लेकिन इतनी बड़ी रकम मांगना उन्हें उचित नहीं लगता। हल्के-फुल्के अंदाज में उन्होंने सवाल किया कि आखिर इतनी बड़ी रकम भला कौन चुकाएगा।
एमी ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी नजर में इस पूरे विवाद के लिए रणवीर जिम्मेदार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी पक्ष को कोई आपत्ति है, तो वह कानूनी रास्ता अपना सकता है।
रणवीर से हुई निजी बातचीत का जिक्र
एमी विर्क ने रणवीर सिंह के साथ हुई एक निजी बातचीत का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 'धुरंधर' का ट्रेलर रिलीज होने के बाद उन्होंने फोन कर रणवीर को बधाई दी थी। उस वक्त रणवीर हाल ही में पिता बने थे और अपनी फिल्म को लेकर काफी भावुक भी थे।
एमी के अनुसार, रणवीर ने उन्हें बताया था कि उन्होंने इस फिल्म में अपनी पूरी मेहनत और ऊर्जा झोंक दी है। इस पर एमी ने उन्हें भरोसा बनाए रखने की सलाह दी और मजाक में कहा कि उनकी बेटी उनके लिए किस्मत लेकर आई है।
https://hindi.news18.com/news/entertainment/bollywood-ammy-virk-supports-ranveer-singh-amid-don-3-row-questions-rs-45-crore-demand-ws-l-10558400.html