चमकदार और निखरी त्वचा पाने की चाह में अक्सर लोग क्रीम, पाउडर, सीरम और फेस पैक का सहारा लेते हैं। लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि त्वचा को ग्लोइंग और रेडिएंट बनाने में आपका खान-पान भी बड़ी भूमिका निभाता है। अगर डाइट में हेल्दी चीजों को जगह दी जाए तो खोई हुई चमक दोबारा लौट सकती है। आयुर्वेद के अनुसार सही पोषण से त्वचा को भीतर से निखारा जा सकता है, और इसमें सुपरफूड्स यानी बीज खास अहमियत रखते हैं। ये छोटे-छोटे बीज पोषक तत्वों का खजाना माने जाते हैं। आइए जानते हैं कुछ ऐसे बीजों के बारे में जिन्हें डाइट में शामिल कर त्वचा को ग्लोइंग बनाया जा सकता है।
1. चिया सीड्स
चिया सीड्स में ओमेगा-3 फैटी एसिड भरपूर मात्रा में होता है। यह त्वचा को रूखा होने से बचाकर उसमें नमी बनाए रखता है। इनका नियमित सेवन सूजन और रेडनेस को कम करने में मदद करता है। इनमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स फ्री रेडिकल्स से लड़ते हैं, जिससे फाइन लाइन्स जैसी बढ़ती उम्र की समस्याएं कम होती हैं।
2. अलसी के बीज
अलसी के बीजों में 'अल्फा-लिनोलेनिक एसिड' पाया जाता है, जो त्वचा का रूखापन दूर कर उसे प्राकृतिक रूप से मॉइस्चराइज करता है। अगर आप मुंहासों से परेशान रहते हैं तो अलसी के बीज शरीर में हार्मोनल संतुलन बनाए रखने में सहायक होते हैं, जिससे त्वचा साफ रहती है।
3. कद्दू के बीज
कद्दू के बीजों में जिंक और विटामिन ई अच्छी मात्रा में मौजूद होते हैं। जिंक त्वचा की कोशिकाओं के निर्माण में मदद करता है और कोलेजन का स्तर बढ़ाता है। इससे त्वचा में कसाव आता है और दाग-धब्बे कम होते हैं।
4. सूरजमुखी के बीज
सूरजमुखी के बीज विटामिन ई का बेहतरीन स्रोत हैं। विटामिन ई त्वचा को सूरज की हानिकारक यूवी किरणों से बचाता है। यह एक प्राकृतिक सनस्क्रीन की तरह काम करते हुए पिगमेंटेशन और टैनिंग को कम करने में मददगार होता है।
5. तिल के बीज
तिल के बीजों में एंटीऑक्सीडेंट्स और एंटी-एजिंग गुण पाए जाते हैं। ये त्वचा को भीतर से पोषण देकर उसमें एक प्राकृतिक ग्लो लाते हैं।
https://www.indiatv.in/lifestyle/fashion-and-beauty-tips/if-you-want-radiant-and-glowing-skin-include-these-seeds-in-your-diet-2026-06-10-1224291