गुना में 'नई दिशा अभियान': पुलिस ने सुनीं पारदी समुदाय की समस्याएं, महिलाओं को सौंपी सिलाई मशीनें

गुना पुलिस के 'नई दिशा अभियान' के तहत धरनावदा थाना क्षेत्र के ग्राम मुरादपुर चक में पारदी समुदाय के साथ जनसंवाद हुआ, जहां पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने लोगों की समस्याएं सुनीं और कुछ महिला हितग्राहियों को सिलाई मशीनें वितरित कीं।

समाज के हर तबके को सुरक्षा, सम्मान और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के मकसद से गुना पुलिस 'नई दिशा अभियान' संचालित कर रही है। इसी अभियान की कड़ी में बुधवार को धरनावदा थाना क्षेत्र के ग्राम मुरादपुर चक में पारदी समुदाय के बीच एक विशेष जनसंवाद एवं जनकल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में गुना पुलिस अधीक्षक हितिका वासल स्वयं उपस्थित रहीं। उन्होंने समुदाय के लोगों से आमने-सामने बातचीत की और उनकी परेशानियों को पूरी गंभीरता के साथ सुना। यह आयोजन गुना पुलिस प्रशासन ने शिवांगी एजुकेशन एंड रूरल डेवलपमेंट सोसायटी तथा उमंग सोसायटी के सहयोग से किया।

शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ने की प्रेरणा

जनसंवाद के दौरान पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने समुदाय के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना पुलिस की पहली जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में पारदी समुदाय के बच्चों को नियमित शिक्षा से जोड़ने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने पर खास जोर दिया गया।

महिलाओं को मिलीं सिलाई मशीनें

समुदाय के सदस्यों को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए कुछ महिला हितग्राहियों को सिलाई मशीनें भी प्रदान की गईं, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

अपराध न करने और नशामुक्ति का संकल्प

पुलिस अधिकारियों के सामने समुदाय के लोगों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे, जिन पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस मौके पर पारदी समुदाय के लोगों ने भी समाज की मुख्यधारा में शामिल होने के लिए आगे आने की इच्छा जताई।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने शिक्षा को बढ़ावा देने, नशामुक्त जीवन अपनाने, बच्चों को नियमित स्कूल भेजने और भविष्य में कभी भी अपराध न करने का सामूहिक संकल्प लिया।

https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/guna-guna-police-nayi-disha-abhiyan-pardi-community-welfare-program-local18-ws-l-10557955.html