बिहार में पुलिस हिरासत में दो संदिग्ध मौतें, सुपौल से गोपालगंज तक भड़का गुस्सा

बिहार के दो जिलों में पुलिस हिरासत में हुई मौतों ने हड़कंप मचा दिया है। सुपौल के जदिया थाना हाजत में एक युवक की मौत के बाद सड़क जाम और आगजनी हुई, जबकि गोपालगंज की चनावे जेल में एक कैदी की संदिग्ध मौत पर परिजनों ने साजिश का आरोप लगाया है।

बिहार के दो अलग-अलग जिलों में पुलिस हिरासत के दौरान हुई मौतों ने प्रशासन के सामने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इन दोनों घटनाओं के बाद संबंधित इलाकों में भारी आक्रोश देखने को मिला और जमकर हंगामा हुआ। एक ओर सुपौल में पुलिस हाजत के भीतर एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत के बाद उग्र प्रदर्शन और आगजनी की घटनाएं हुईं, तो दूसरी ओर गोपालगंज की चनावे जेल में एक कैदी की मौत के बाद उसके परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर साजिश रचने और इलाज में लापरवाही बरतने के संगीन आरोप लगाए हैं।

सुपौल के जदिया थाना हाजत में युवक की मौत

सुपौल जिले के जदिया थाना में पुलिस हिरासत में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने के बाद पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, शराब के नशे में गिरफ्तार किए गए एक आरोपी ने थाना हाजत के अंदर कथित रूप से कंबल की पट्टी से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान जदिया थाना क्षेत्र के रजगांव (वार्ड संख्या-2) निवासी नंदन कुमार के 24 वर्षीय पुत्र बिट्टू कुमार के रूप में हुई है।

थाने का घेराव और एसएच-91 पर आगजनी

घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग भड़क उठे। सैकड़ों की तादाद में जुटे लोगों ने जदिया थाने का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया। गुस्साई भीड़ ने थाने के सामने एसएच-91 को जाम कर दिया और टायर जलाकर आगजनी करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

हालात को बिगड़ता देख सुपौल के पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारी परिजनों से बातचीत कर मामले को शांत कराने में जुटे रहे। फिलहाल इलाके में बने तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

गोपालगंज की चनावे जेल में कैदी की संदिग्ध मौत

दूसरी घटना गोपालगंज की चनावे जेल की है, जहां एक कैदी की संदेहास्पद हालात में मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा किया और आरोप लगाया कि समय पर इलाज न मिल पाने के कारण कैदी की जान चली गई। मृतक की पहचान बरौली थाना क्षेत्र के बलहां गांव निवासी 55 वर्षीय इरशाद आलम के रूप में हुई है। इरशाद आलम को बीते 4 जून को दोहरा पासपोर्ट बनवाने के आरोप में जेल भेजा गया था।

थानाध्यक्ष पर साजिश का आरोप, न्यायिक जांच की मांग

परिजनों ने बरौली थानाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए इस मौत के पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई है। उनका यह भी कहना है कि पुलिस ने गिरफ्तारी के तीसरे दिन इरशाद को जेल भेजा, जो नियमों के विरुद्ध है।

घटना की जानकारी मिलते ही आरजेडी के जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और पूरे मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने की मांग की।

https://hindi.news18.com/news/bihar/patna-two-suspicious-deaths-in-custody-in-bihar-unrest-in-supaul-and-gopalganj-crime-news-local18-ws-l-10557914.html