पाकिस्तान के कब्ज़े वाले कश्मीर (पीओके) में पाकिस्तानी सेना का MI-17 हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में हेलिकॉप्टर पर सवार सभी सैन्यकर्मियों की जान चली गई। प्रारंभिक जानकारी में दुर्घटना की वजह तकनीकी खराबी बताई जा रही है। सेना की ओर से तत्काल यह स्पष्ट नहीं किया गया कि हेलिकॉप्टर में कुल कितने लोग सवार थे।
उड़ान भरने के दौरान हुआ हादसा
पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के अनुसार, सेना के एविएशन विंग का एमआई-17 हेलिकॉप्टर बुधवार को मुजफ्फराबाद के नजदीक क्रैश हो गया। इस दुर्घटना में हेलिकॉप्टर में मौजूद सभी सैन्यकर्मी मारे गए।
सेना के जनसंपर्क विभाग ने बताया कि पीओके में यह सैन्य हेलिकॉप्टर उड़ान भरने के दौरान तकनीकी खराबी की चपेट में आ गया और इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि इसमें सवार किसी भी व्यक्ति की जान नहीं बचाई जा सकी।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सेना की बचाव एवं राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और शवों को निकालने का काम शुरू कर दिया गया। इसके साथ ही हादसे के कारणों की पड़ताल के लिए एक विशेष जांच बोर्ड गठित किया गया है, जो तकनीकी खराबी सहित सभी संभावित वजहों की जांच करेगा।
हमले में गिराए जाने का शक
हालांकि इस हादसे को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। यह दुर्घटना पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में हुई है, जहां बीते कुछ समय से माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। शुरुआत में इसे तकनीकी खराबी और आपातकालीन लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा बताया गया, लेकिन क्षेत्र में चल रहे विरोध प्रदर्शनों और सुरक्षा संबंधी तनाव को देखते हुए कुछ लोग आशंका जता रहे हैं कि कहीं इस हेलिकॉप्टर को किसी हमले के तहत तो नहीं गिराया गया।
पीओके में हाल के दिनों में जेके संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी ने पाकिस्तानी सरकार के खिलाफ अपने विरोध प्रदर्शन तेज कर दिए हैं। कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पें हुई हैं, जिनमें लोगों की मौत और बड़ी संख्या में गिरफ्तारियों की खबरें सामने आई हैं।
इलाके में पहले से बंद है इंटरनेट
इसके अलावा क्षेत्र में इंटरनेट और कॉलिंग सेवा पर प्रतिबंध जारी है। भारी सुरक्षा तैनाती के कारण लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है। ऐसे तनावपूर्ण माहौल में हुई इस हेलिकॉप्टर दुर्घटना ने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, हेलिकॉप्टर में सवार सैन्यकर्मियों की संख्या और उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। सेना का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हादसे के कारणों और अन्य तथ्यों की जानकारी साझा की जाएगी।
https://hindi.news18.com/world/pakistan-pakistani-army-helicopter-mi-17-crashes-in-pok-all-on-board-killed-10557778.html