बिहार के बेगूसराय जिले में खेती-किसानी को लेकर लगातार नए प्रयोग हो रहे हैं। यहां के किसान पहले सेब जैसी फसलों की खेती कर सुर्खियां बटोर चुके हैं और अब जिले में नारियल की खेती को बढ़ावा देने की तैयारी चल रही है। इस पहल को आगे ले जाने में जिला उद्यान पदाधिकारी डॉ. अमरजीत कुमार राय की अहम भूमिका मानी जा रही है, जो किसानों के बीच पहुंचकर नई फसलों की खेती के लिए प्रेरित कर रहे हैं और उनकी आमदनी बढ़ाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं।
अनुदानित दर पर मिलेंगे नारियल के पौधे
इसी क्रम में बिहार सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बिहार राज्य योजना मद के अंतर्गत नारियल पौधा वितरण योजना को दोबारा शुरू किया है। इसका लाभ बेगूसराय जिले के किसानों को भी मिलेगा। किसानों को रियायती दर पर नारियल के पौधे मुहैया कराए जाएंगे, ताकि वे नारियल की खेती की शुरुआत कर सकें।
नारियल की खेती के लिए विशेष अभियान
जिला उद्यान पदाधिकारी डॉ. अमरजीत कुमार राय ने बताया कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को नारियल की खेती से जोड़ने के मकसद से एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिले के लिए कुल 4 हजार नारियल पौधों का लक्ष्य तय किया गया है। योजना के तहत एक पौधे की कीमत 85 रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें किसानों को 75 प्रतिशत यानी 63.75 रुपये प्रति पौधा अनुदान मिलेगा। इस तरह किसानों को केवल 21.25 रुपये प्रति पौधा का भुगतान करना होगा।
712 पौधों तक अनुदान का लाभ
योजना के अंतर्गत एक किसान को न्यूनतम 5 पौधे और अधिकतम 712 पौधों तक अनुदान का फायदा दिया जाएगा। पूरे बिहार में नारियल की व्यावसायिक खेती को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार 63.75 लाख रुपये खर्च कर रही है। उद्यान विभाग के अनुसार, योजना का लाभ उठाने के लिए किसानों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा और आवेदन बिहार कृषि ऐप के जरिए स्वीकार किए जाएंगे। प्रति हेक्टेयर 178 पौधे लगाने का प्रावधान रखा गया है।
जरूरी होंगे भूमि से जुड़े वैध दस्तावेज
किसान अपने खेत, बाड़ी, किचन गार्डन या घर के आसपास उपलब्ध जमीन पर भी नारियल के पौधे लगा सकते हैं। आवेदन के समय उन्हें भूमि लगान रसीद या भूमि से संबंधित अन्य वैध दस्तावेज जमा करने होंगे। पात्रता की जांच के बाद ही किसानों को अनुदानित दर पर पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।
किसानों के लिए आय का नया जरिया
उद्यान विभाग के मुताबिक, बेगूसराय जिले में 4 हजार पौधों के वितरण पर कुल 2 लाख 55 हजार 500 रुपये का अनुदान दिया जाएगा। विभाग को उम्मीद है कि इस योजना से जिले में नारियल की खेती को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को आमदनी का एक नया स्रोत मिलेगा। नारियल की खेती से जुड़ी तकनीकी जानकारी किसान कृषि विज्ञान केंद्र और उद्यान विभाग से भी हासिल कर सकते हैं।
https://hindi.news18.com/news/agriculture/begusarai-coconut-farming-special-scheme-government-offering-substantial-subsidies-know-how-to-apply-local18-10557750.html