बालिका वधू की 'गहना' अब बिजनेसवुमन, ₹10 की फिटकरी से बेचकर बनाया 180 करोड़ का कारोबार

‘बालिका वधू’ और ‘डोली अरमानों की’ जैसे शोज से घर-घर में पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस नेहा मर्दा ने एक्टिंग से दूरी बनाकर अपना प्रोडक्ट ‘फिटकू’ शुरू किया, जिसकी कंपनी की वैल्युएशन आज 180 करोड़ रुपये है।

छोटे पर्दे की जानी-मानी अदाकारा नेहा मर्दा ने ‘बालिका वधू’, ‘डोली अरमानों की’ और ‘क्यों रिश्तों में कट्टी बट्टी’ जैसे धारावाहिकों से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। एक समय घर-घर में पहचानी जाने वाली यह अभिनेत्री अब काफी समय से पर्दे से दूर हैं और घर बैठे अपने कारोबार से करोड़ों की कमाई कर रही हैं।

ग्लैमर की दुनिया से बिजनेस की ओर

प्रेग्नेंसी के दौरान नेहा ने एक्टिंग से ब्रेक लिया, लेकिन काम करना नहीं छोड़ा। इंडस्ट्री से दूरी बनाते हुए उन्होंने एक नया बिजनेस शुरू किया और धीरे-धीरे करोड़ों का साम्राज्य खड़ा कर दिया। कुछ समय पहले उन्हें बिजनेस बेस्ड रियलिटी शो ‘शार्क टैंक’ पर भी देखा गया, जहां वह अपना प्रोडक्ट ‘फिटकू’ लेकर पहुंची थीं।

फिटकरी से शुरू हुआ करोड़ों का सफर

नेहा ने प्रेग्नेंसी के दौरान ही अपने प्रोडक्ट फिटकू की नींव रखी, जिसमें उन्होंने 10 रुपये में मिलने वाली फिटकरी को रोल ऑन के रूप में बेचना शुरू किया। आज इस कंपनी की कुल वैल्युएशन 180 करोड़ रुपये है। शार्क टैंक के मंच पर भी उन्होंने अपनी कंपनी की शुरुआत के बारे में खुलकर बात की थी।

कैसे आया फिटकू का आइडिया

एक्ट्रेस ने बताया था कि मां बनने के बाद उनके शरीर से अजीब तरह की बदबू आने लगी थी, जो एक अदाकारा के तौर पर उनके लिए बेहद मुश्किल दौर था। इसी परेशानी से उबरने के उपाय के तौर पर उन्होंने फिटकू तैयार किया।

99 रुपये से 999 रुपये तक का सफर

नेहा मर्दा ने अपने पति और भाई के साथ मिलकर इस कंपनी की शुरुआत की थी। शुरुआत में उन्होंने प्रोडक्ट की कीमत 99 रुपये रखी थी, लेकिन तीन साल के दौरान उन्होंने इसकी क्वालिटी पर लगातार काम किया। गुणवत्ता बेहतर होने के साथ ही कीमत में भी भारी बढ़ोतरी हुई। पहले 99 रुपये में मिलने वाला फिटकू अब 10 गुना महंगा हो चुका है और इसकी मौजूदा कीमत 999 रुपये है।

निजी जिंदगी और परिवार

साल 2012 में पटना के बिजनेसमैन आयुष्मान अग्रवाल से शादी करने के बाद नेहा ने मुंबई और बिहार के बीच अपना समय बांटना शुरू किया। शादी के 10 साल बाद उन्होंने अपनी बेटी का स्वागत किया। साल 2023 में बेटी के जन्म के बाद उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं बदलीं और परिवार के साथ ज्यादा वक्त बिताने का फैसला किया, हालांकि सोशल मीडिया के जरिए वह अपने फैंस से जुड़ी रहीं। मां बनने के बाद से वह स्क्रीन से दूर हैं, लेकिन उनका कहना है कि कोई दमदार और चैलेंजिंग रोल मिलने पर वह काम करने के लिए तैयार हैं।

कोलकाता से टीवी इंडस्ट्री तक

नेहा मर्दा का अभिनय की दुनिया तक का सफर काफी दिलचस्प रहा है। उनका जन्म पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हुआ और बचपन से ही उन्हें डांस तथा परफॉर्मिंग आर्ट्स का शौक था। उन्होंने कथक की ट्रेनिंग भी ली और कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। टीवी इंडस्ट्री में उनकी एंट्री साल 2005 में हुई, जब उन्होंने ज़ी टीवी के टैलेंट हंट शो ‘सारेगामापा चैलेंज 2005’ में बतौर एंकर काम किया।

बालिका वधू से मिली असली पहचान

इसके बाद उन्हें अभिनय का पहला बड़ा मौका स्टार प्लस के लोकप्रिय शो ‘साथ रहेगा ऑलवेज’ में मिला। हालांकि असली पहचान उन्हें साल 2008 में आए शो ‘बालिका वधू’ से मिली, जिसमें उन्होंने गहना का किरदार निभाया। इस भूमिका ने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया और वह टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल हो गईं।

https://hindi.news18.com/photogallery/entertainment/tv-balika-vadhu-fame-neha-marda-where-is-she-now-turned-into-businesswoman-launched-phitku-made-net-worth-crores-10556241.html