सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड बना कमाई का जरिया: ₹1 लाख का निवेश पहुंचा ₹4.07 लाख पर, निवेशकों को 307% रिटर्न

RBI ने सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड 2019-20 सीरीज-VII के निवेशकों को प्री-मेच्योर रिडेम्पशन का मौका दिया है, जिससे उन्हें अपने निवेश पर करीब 307 फीसदी का रिटर्न मिल रहा है।

सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) में पैसा लगाने वाले निवेशकों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड 2019-20 सीरीज-VII के धारकों को मैच्योरिटी से पहले अपना पैसा निकालने यानी प्री-मेच्योर रिडेम्पशन का अवसर दिया है। इस सीरीज में निवेश करने वाले लोग यदि 10 जून, 2026 को अपनी रकम निकालते हैं, तो उन्हें अपने मूल निवेश पर करीब 307 फीसदी का जोरदार रिटर्न हासिल हो सकता है। इस हिसाब से 1 लाख रुपये का निवेश बढ़कर करीब 4.07 लाख रुपये हो गया है।

सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम क्या है

सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड सरकार की ओर से चलाई जाने वाली एक निवेश योजना है। इन बॉन्ड को सरकार की तरफ से आरबीआई जारी करता है। ये बॉन्ड 8 साल की अवधि के लिए जारी किए जाते हैं, मगर निवेशकों को 5 साल पूरे होने के बाद इससे बाहर निकलने का विकल्प भी मिलता है। इसके अलावा निवेश की गई रकम पर सालाना 2.5 फीसदी की दर से ब्याज भी दिया जाता है, जो हर 6 महीने के अंतराल पर निवेशक के बैंक खाते में जमा कर दिया जाता है।

टैक्स को लेकर क्या हैं नियम

बजट 2026 में लागू हुए नए प्रावधानों के मुताबिक, अगर कोई निवेशक बॉन्ड को उसकी मैच्योरिटी यानी 8 साल पूरे होने से पहले बेच देता है, तो उससे होने वाले लाभ पर 12.5% की दर से लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन्स (LTCG) टैक्स चुकाना पड़ेगा। इसके साथ ही, बॉन्ड पर मिलने वाले ब्याज पर भी निवेशक को अपने इनकम टैक्स स्लैब के अनुसार टैक्स देना होगा।

2026 में स्कीम की मौजूदा स्थिति

फिलहाल सरकार ने कोई नई SGB सीरीज जारी करने पर विराम लगा रखा है। साल 2026-27 के लिए अब तक इसका कोई नया कैलेंडर सामने नहीं आया है। हालांकि जिन निवेशकों के पास पहले से ये बॉन्ड मौजूद हैं, उन्हें इसका लाभ आगे भी मिलता रहेगा।

https://hindi.news18.com/news/business/latest-sovereign-gold-bond-sgb-2019-20-series-7-premature-redemption-307-percent-returns-10557618.html